छोटे दलों को हम अपने साथ जोड़ने के लिए लगातार काम कर रहे : अखिलेश
हेडलाइंस Jun 15, 2021 at 11:39 AM , 439लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव है। ऐसे में तमाम पार्टियां अपनी चुनावी रणनीति को अंजाम देने में जुटी हुई हैं। इसी को लेकर आज अखिलेश यादव ने एक निजी समाचार चैनल को इंटरव्यू दिया। इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही साथ अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को गिनाया और कहा कि कैसे उनके द्वारा किए गए कार्य वर्तमान सरकार को कोरोना वायरस महामारी से निपटने में मदद कर रही है। गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि बड़े दलों से फिलहाल गठबंधन की कोई संभावना नहीं है। हां, छोटे दलों को हम अपने साथ जोड़ने के लिए लगातार काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि बड़े दलों के साथ हमने गठबंधन किया लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ।
इसी इंटरव्यू के दौरान अखिलेश यादव से चाचा शिवपाल यादव के साथ संबंध को लेकर सवाल किया गया। सवाल यह था कि क्या शिवपाल यादव एक बार फिर से समाजवादी पार्टी में लौटेंगे? इस पर अखिलेश ने सीधा जवाब तो नहीं दिया लेकिन यह जरूर कहा कि उनकी अपनी पार्टी है। यशवंत नगर से वह चुनाव लड़ते हैं। ऐसे में उनके खिलाफ हम अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं करेंगे। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अगर शिवपाल यादव की पार्टी का कोई मजबूत उम्मीदवार मैदान में होगा तो हम उसका भी समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने यह जरूर कहा कि भले वह पार्टी में हैं या नहीं हैं लेकिन परिवार में जरूर हैं। अखिलेश यादव से आने वाले चुनाव में मुलायम सिंह यादव की भूमिका पर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जाहिर सी बात है कि उनके प्रचार से पार्टी को लाभ होगा। लेकिन उनका स्वास्थ्य पहले है। अगर वह स्वस्थ रहते हैं तो पार्टी उनके अनुभव का जरूर लाभ लेगी। पंचायत चुनाव में मिली जीत पर अखिलेश यादव ने जनता का आभार जताया। साथ ही साथ बंगाल की जनता का भी आभार जताया जिन्होंने ममता बनर्जी को चुनाव में जीतया।





























Comments