कोरोना से देश भर में मरने वालों की संख्या 2,041 हो चुकी
राष्ट्रीय May 10, 2020 at 12:35 PM , 300नई दिल्ली। मई का महीना शुरू होने के बाद से देश भर में कोरोना वायरस का संक्रमण और इससे मरने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। शनिवार की शाम तक एक दिन में 55 लोगों की मौत की खबर आई, जिसके बाद देश भर में कोरोना के संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो हजार का आंकड़ा पार कर गई। देश में अब तक 2,041 लोगों की मौत हो चुकी है। वैसे कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा करीब साढ़े सात सौ लोगों की मौत हुई है, जिसमे से ज्यादातर मौतें मुंबई में हुई हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में शनिवार को 23 लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य मरने वालों की संख्या 472 पहुंच गई। शुक्रवार को गुजरात में 24 लोगों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र के बाद पूरे देश में सबसे तेजी से संक्रमण और मृतकों की संख्या गुजरात में बढ़ रही है।
बहरहाल, शनिवार की शाम तक देश भर में अब तक मरने वालों की संख्या 2,041 पहुंच गई है। इसमें महाराष्ट्र और दिल्ली का आंकड़ा शामिल नहीं है क्योंकि दोनों राज्यों ने देर शाम तक आंकड़ा अपडेट नहीं किया था।
शनिवार की शाम तक गुजरात के बाद सबसे ज्यादा 11-11 लोगों की मौत पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में हुई। 11 लोगों की मौत के बाद मध्य प्रदेश में मरने वालों की कुल संख्या 211 हो गई है। मौत के ताजा आंकड़ों के बाद पश्चिम बंगाल में मरने वालों की संख्या 171 पहुंच गई है। इन दोनों राज्यों में मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। संक्रमितों की संख्या भी बढ़ रही है।
शनिवार को तमिलनाडु में चार लोगों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य में मरने वालों की संख्या 44 पहुंच गई। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद राज्य में मरन वालों की संख्या 44 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा पंजाब में दो और हरियाणा में एक व्यक्ति की मौत हुई है। ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली जानकारी पर आधारित हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक शनिवार की शाम तक 1,981 लोगों की मौत हुई है।
भारत में कोरोना वायरस के संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। शनिवार को देर शाम तक वायरस से संक्रमण के 14 सौ से ज्यादा नए मामले आए, जिसके बाद देश भर में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 61,356 हो गई। इनमें से साढ़े 18 हजार 672 लोग इलाज से ठीक हुए हैं और 2,041 लोगों की मौत हुई है। अभी 40,639 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में शुक्रवार को 1,089 नए मामले आए। एक दिन पहले गुरुवार को रिकार्ड संख्या में 1,362 नए मामले सामने आए थे। अब राज्य में संक्रमितों की संख्या 19,063 हो गई है। कोरोना वायरस के संक्रमण के नए इपीसेंटर के तौर पर उभरे गुजरात में शनिवार को 394 मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या 7,797 हो गई है। इससे पहले शुक्रवार को 390 नए मामले आए थे।
शनिवार को तमिलनाडु में लगातार तीसरे दिन पांच सौ से ज्यादा मामले आए। राज्य में 526 मामले सामने आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 6,535 हो गई। तमिलनाडु संक्रमितों की संख्या के लिहाज से देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को तमिलनाडु में छह सौ मामले आए थे।
पश्चिम बंगाल में 108 नए मामले आए, जिसके बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 1,786 पहुंच गई। राजस्थान में शनिवार को 76 नए मामले आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 3,655 पहुंच गई। पंजाब में 31 नए मामले सामने आए, जिसके बाद वहां संक्रमितों की संख्या 1,762 पहुंच गई है। आंध्र प्रदेश में 43 नए मामले आए, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 1,930 हो गई है। मध्य प्रदेश में शनिवार को 116 नए मामले मिले, जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 3,457 पहुंच गई। इसके अलावा कर्नाटक में 41, जम्मू कश्मीर में 13, हरियाणा में 28, बिहार में 10, ओड़िशा में 24 और चंडीगढ़ में 23 नए मामले सामने आए।
ये आंकड़े कोविड19इंडिया डॉट ओआरजी की वेबसाइट और राज्यों से मिली सूचना पर आधारित हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक शनिवार की शाम तक संक्रमितों की कुल संख्या 59,661 थी, जिसमें से 1,981 लोगों की मौत हुई थी और 17,846 लोग इलाज से ठीक हुए थे। इसके मुताबिक 39,834 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
देश भर में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के बीच शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने देश के लोगों को भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भारत में स्थिति दुनिया के दूसरे देशों से बहुत बेहतर है। उन्होंने यह भरोसा भी दिलाया कि अगर संक्रमण के हालात बिगड़ते हैं तो भारत में पूरी तैयारी है।
डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा है कि भारत में कोरोना संक्रमण की स्थिति अमेरिका या ब्रिटेन जैसे विकसित देशों की तरह बेहद खराब होने की आशंका नहीं है। उन्होंने साथ ही कहा कि हालात बिगड़े भी तो उससे निपटने की पूरी तैयारी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- हमारे यहां कोरोना से मृत्यु की दर लगातार 3.3 फीसदी बनी हुई है। मरीजों के ठीक होने की दर यानी रिकवरी रेट बढ़ कर 29.9 फीसदी हो गई है। यह बहुत अच्छे संकेत हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण के मामले दोगुना होने की रफ्तार 11 दिन बनी हुई है।



























Comments