अयोध्या दीपोत्सव को लेकर लखनऊ में ट्रैफिक डायवर्जन, 6 नवंबर की रात 12 बजे से 8 नवंबर तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध
जनपत की खबर Nov 05, 2026 at 10:10 PM , 19**लखनऊ।** अयोध्या में 7 नवंबर को आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम को देखते हुए लखनऊ में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। इसके तहत 6 नवंबर की रात 12 बजे से 8 नवंबर की रात 12 बजे तक अथवा कार्यक्रम और भीड़ समाप्त होने तक आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
इस दौरान लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई और कानपुर रोड की तरफ से आने वाले बसों, बड़े और भारी वाहनों का बाराबंकी होते हुए अयोध्या की ओर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से अपने गंतव्य तक जाना होगा।
**भारी वाहनों के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्ग**
**1. सीतापुर रोड से आने वाले वाहन:** सीतापुर रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहन इंदौराबाग किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड (चांदसराय) और फिर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
**2. हरदोई रोड से आने वाले वाहन:** हरदोई रोड की तरफ से आने वाले भारी वाहन बाजपुर किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड (चांदसराय) और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते जा सकेंगे।
**3. आगरा एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन:** आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ से आने वाले भारी वाहन खुशहालगंज किसान पथ अंडरपास से किसान पथ होते हुए सुल्तानपुर रोड (चांदसराय) और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
**4. कानपुर रोड से आने वाले वाहन:** कानपुर रोड से आने वाले भारी वाहनों के लिए फतेहपुर, लालगंज, बछरावां और हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का मार्ग निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा वाहन कानपुर से उन्नाव, बीघापुर/पुरवा, लालगंज/मौरावां, बछरावां और हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भी जा सकेंगे। वहीं, कानपुर रोड से आने वाली बसें और अन्य भारी वाहन दरोगाखेड़ा किसान पथ अंडरपास से किसान पथ पर चढ़कर सुल्तानपुर रोड (चांदसराय) और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
**एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं को मिलेगी छूट**
यातायात डायवर्जन के दौरान चिकित्सकीय आपात स्थिति में वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं होने पर एम्बुलेंस, स्कूली वाहन, फायर सर्विस और शव वाहनों को प्रतिबंधित मार्ग पर भी आवागमन की अनुमति रहेगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की अनुमति आवश्यक होगी।
**ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर: 9454405155**
यातायात पुलिस ने संबंधित वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि दीपोत्सव के दौरान निर्धारित डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और अयोध्या, बस्ती तथा गोरखपुर की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।






_page-0001.jpg)
























Comments