लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, फैजुल्लागंज के बाढ़ पीड़ितों से मिले, बांटे राहत पैकेट

जनपत की खबर , 17

**लखनऊ।** रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। अपने विभिन्न कार्यक्रमों के बीच उन्होंने संसदीय क्षेत्र के फैजुल्लागंज में गोमती नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
 
रक्षा मंत्री ने कहा कि फैजुल्लागंज में बाढ़ की स्थिति पर वह लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी लेते रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाए, स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हों और कोई भी जरूरतमंद परिवार सहायता से वंचित न रहे। प्रभावित परिवारों के लिए लगभग **10,000 राहत पैकेट** पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
 
### बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर
 
राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में फैजुल्लागंज के लोगों को बार-बार ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े, इसके लिए स्थायी समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र में बंधे के निर्माण के लिए **182 करोड़ रुपये की घोषणा** की है। हमारा प्रयास है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो, जिससे भविष्य में बाढ़ के संकट से लोगों को राहत मिल सके।
 
उन्होंने कहा, "जनता का विश्वास और स्नेह हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जब तक फैजुल्लागंज में स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।"
 
### दस दिनों से राहत एवं बचाव कार्य में जुटा प्रशासन
 
लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के फैजुल्लागंज सहित गोमती नदी के आसपास के बड़े रिहायशी इलाकों में बाढ़ के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर चुके हैं। जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें भी पिछले दस दिनों से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटी हैं।
 
बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। अब क्षेत्रवासियों को राहत कार्यों के साथ-साथ बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान और बंधे के निर्माण कार्य के जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

Related Articles

Comments

Back to Top