UPITS-2026 में खाद्य प्रसंस्करण विभाग की प्रभावी सहभागिता को मिला ‘Best Display Award’
अन्य खबरे Sep 29, 2026 at 04:57 PM , 1622 समझौता ज्ञापनों के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को मिला विस्तार, लगभग 1 लाख अमेरिकी डॉलर की व्यावसायिक प्रतिबद्धता
लखनऊ: 29 सितम्बर 2026
इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितम्बर, 2026 तक आयोजित Uttar Pradesh International Trade Show (UPITS)-2026 में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य प्रसंस्करण विभाग की प्रभावी एवं उत्कृष्ट सहभागिता को आयोजकों द्वारा ‘Best Display Award’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान माननीय राज्य मंत्री, एमएसएमई विभाग, श्री हंसराज विश्वकर्मा जी द्वारा प्रदान किया गया। विभाग की ओर से यह सम्मान डॉ. एम.पी. सिंह, संयुक्त निदेशक, खाद्य प्रसंस्करण विभाग, श्री अश्वनी कुमार, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी, श्री लोकेश सेंगर, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी तथा श्री पंकज शाह, खाद्य प्रसंस्करण अधिकारी ने प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रदेश की खाद्य प्रसंस्करण क्षमता, निवेश की संभावनाओं, विभागीय नीतियों एवं योजनाओं तथा प्रदेश में तैयार किए जा रहे प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विभाग की सहभागिता एवं गतिविधियों का संचालन श्री बी.एल. मीना, अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा श्री राज कमल यादव, विशेष सचिव, खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निर्देशन एवं समन्वय में किया गया।
UPITS-2026 के दौरान विभाग द्वारा देश-विदेश से आए निवेशकों, उद्यमियों, व्यावसायिक संस्थाओं एवं विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान विभिन्न देशों के साथ कुल 22 समझौता ज्ञापन (MoUs) संपादित किए गए, जिनके माध्यम से अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक सहयोग को नई दिशा मिली तथा लगभग 1 लाख अमेरिकी डॉलर की कुल व्यावसायिक प्रतिबद्धता दर्ज की गई।
प्रदर्शनी के दौरान खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहनों, सुविधाओं एवं निवेश अवसरों की जानकारी निवेशकों और उद्यमियों को प्रदान की गई। विभाग द्वारा प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, तकनीकी सहयोग, व्यापार विस्तार, मूल्य संवर्धन तथा प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की संभावनाओं को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।
खाद्य प्रसंस्करण विभाग की सक्रिय सहभागिता, आकर्षक एवं प्रभावी प्रस्तुतीकरण, उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा समन्वित प्रयासों को देखते हुए UPITS-2026 के आयोजकों द्वारा विभाग को ‘Best Display Award’ प्रदान किया जाना विभाग की उपलब्धियों में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सम्मान प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश एवं व्यापार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों की भी पहचान है।
पांच दिवसीय UPITS-2026 के माध्यम से स्थापित अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक संपर्क तथा संपादित समझौता ज्ञापन प्रदेश के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश, मूल्य संवर्धन, रोजगार सृजन, तकनीकी सहयोग और निर्यात को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे प्रदेश के किसानों, उद्यमियों एवं युवाओं के लिए खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में आय एवं रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा UPITS-2026 की सफलता में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कार्मिकों, उद्यमियों, निवेशकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।






_page-0001.jpg)




















Comments