पंकज चौधरी ने शक्ति केंद्र संयोजकों से कहा—हर बूथ की नब्ज पहचानें, संगठन को 10 गुना मजबूत करें

अन्य खबरे , 13

**“क्रांति भूमि से यूपी की हुंकार—तीसरी बार भाजपा सरकार” का किया उद्घोष**
 
**मेरठ, 21 सितंबर।** भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को मेरठ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा को मजबूत करने में शक्ति केंद्र संयोजकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र संयोजक संगठन के ऐसे मजबूत कार्यकर्ता हैं, जो जमीन की आवाज को सरकार और संगठन तक पहुंचाने का काम करते हैं।
 
पंकज चौधरी ने **“क्रांति भूमि से यूपी की हुंकार—तीसरी बार भाजपा सरकार”** का उद्घोष करते हुए कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सामाजिक और राजनीतिक स्वरूप विविध है। ऐसे में शक्ति केंद्र संयोजकों को स्थानीय परिस्थितियों, समाज की प्राथमिकताओं और जनता के मुद्दों की गहरी जानकारी रखनी होगी।
 
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के **“मेरा बूथ, सबसे मजबूत”** संकल्प को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाना है। हर शक्ति केंद्र संयोजक को प्रतिदिन तीन सवालों के जवाब अपने पास रखने चाहिए—कौन सा बूथ मजबूत है, कहां संगठन को और मेहनत की जरूरत है और जनता किन मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद कर रही है।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश भले ही नक्शे पर एक क्षेत्र है, लेकिन जमीन पर यहां अलग-अलग समाज, इलाके और प्राथमिकताएं हैं। मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद, नोएडा, बिजनौर, अमरोहा और संभल की स्थानीय प्राथमिकताएं अलग हो सकती हैं। इसलिए किसी एक सामान्य राजनीतिक फार्मूले के बजाय प्रत्येक शक्ति केंद्र से वास्तविक फीडबैक जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को केवल समीकरणों से नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से समझा जा सकता है।
 
उन्होंने शक्ति केंद्र संयोजकों से किसानों, युवाओं और महिलाओं के मुद्दों को समझने तथा सीधे मतदाता संपर्क को और व्यापक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन एक परिवार है, जहां वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव और युवाओं की ऊर्जा मिलकर संगठन को गति देती है। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव पार्टी की ताकत है और युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा उसका विस्तार करती है।
 
पंकज चौधरी ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ता केवल सलाह देने वाले और युवा केवल काम करने वाले न रहें, बल्कि दोनों के बीच नियमित संवाद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन चुनाव के दिन नहीं बनता, बल्कि हर दिन बनता है। इसके लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र पर नियमित बैठक, बूथ की स्थिति की जानकारी, स्थानीय समस्याओं का फीडबैक और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से निरंतर संपर्क आवश्यक है।
 
उन्होंने शक्ति केंद्र संयोजकों को संगठन की **“आंख और कान”** बताते हुए कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र के गांवों, बूथों और परिवारों की स्थिति की जानकारी रखनी चाहिए। उनकी रिपोर्ट संगठन के लिए महत्वपूर्ण है। सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और जनता की आवाज को सरकार व संगठन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अहम है।
 
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे **‘सेवा संकल्प अभियान’** का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत **सेवा संकल्प सेतु शिविर** लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यकर्ता पूरी ताकत से लोगों के बीच जाएं और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करें।
 
पंकज चौधरी ने विपक्षी दलों पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि वे समाज को बांटने की राजनीति कर रहे हैं और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकारों के कार्यों और नीतियों की जानकारी रखने तथा विपक्ष के दावों पर तथ्यात्मक संवाद करने को कहा।
 
उन्होंने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी सक्रियता के साथ काम करना है।

Related Articles

Comments

Back to Top