इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट में सी.एम.एस. छात्रों को विश्व में प्रथम रैंक

अन्य खबरे , 393

लखनऊ, 20 अप्रैल। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के तीन मेधावी छात्रों अनिरुद्ध शुक्ला (कक्षा-3), ताशवी सिंह (कक्षा-3) एवं पियूष चन्देरिया (कक्षा-8) ने इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) के अन्तर्गत गणित विषय की प्रतियोगिता में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर प्रदेश व देश का मान बढ़ाया है। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि यह प्रतियोगिता आस्ट्रेलियन काउन्सिल फाॅर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हुई, जिसमें कई देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा, देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों से लगभग पचास हजार छात्रों ने प्रतिभाग कर अपने गणित ज्ञान का प्रदर्शन किया। इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में सी.एम.एस. अलीगंज (प्रथम कैम्पस) के इन छात्रों ने गणित विषय में पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है।

श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि आस्ट्रेलियन काउन्सिल फाॅर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की प्रतिभा का आकलन करता है एवं आई.बी.टी. टेस्ट किसी भी देश के पाठ्यक्रम के बजाय मूलतः छात्रों की प्रतिभा व कौशल पर आधारित होते हैं। सी.एम.एस. का लगातार यही प्रयास है कि विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारा एवं प्रोत्साहित किया जाए। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। 

Related Articles

Comments

Back to Top