मेरठ में STF की बड़ी कार्रवाई: 21 अवैध तमंचों के साथ हथियार तस्कर गिरफ्तार, शस्त्र बनाने का पूरा सामान बरामद
अन्य खबरे Aug 02, 2026 at 12:55 PM , 19लखनऊ/मेरठ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 21 अवैध तमंचे (.315 बोर) तथा हथियार बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तजम्मुल पुत्र नसीम, निवासी खैरनगर, थाना देहलीगेट, जनपद मेरठ के रूप में हुई है। एसटीएफ ने उसे 1 अगस्त 2026 की रात करीब 10:50 बजे थाना लालकुर्ती क्षेत्र में बीएसएनएल कार्यालय से मॉल रोड जाने वाले मार्ग पर कूड़ाघर के पास से गिरफ्तार किया।
बरामदगी में 21 तमंचे (.315 बोर), एक वेल्डिंग मशीन, एक हथौड़ी, 11 आरी के पत्ते, दो रेती, 23 वेल्डिंग रॉड, एक शिकंजा और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग पांच वर्षों से अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियार तैयार कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उनकी सप्लाई कर रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि एक .315 बोर का तमंचा 4,000 से 5,000 रुपये में बेचा जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2022 में भी तजम्मुल को एसटीएफ ने 37 अवैध तमंचों के साथ मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। जेल से रिहा होने के बाद वह दोबारा अवैध हथियारों के कारोबार में सक्रिय हो गया।
आरोपी के विरुद्ध थाना लालकुर्ती, मेरठ में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।



























Comments