*29 अधिकारियों की डूडा में परियोजना अधिकारी पद पर प्रतिनियुक्ति, शहरी विकास योजनाओं को मिलेगी रफ्तार*
अन्य खबरे Aug 01, 2026 at 09:12 AM , 20**लखनऊ।** उत्तर प्रदेश सरकार ने शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के 29 अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति पर **परियोजना अधिकारी, जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा)** के पद पर तैनात किया है। शासन के इस निर्णय से प्रदेश के विभिन्न जिलों में शहरी गरीबों के लिए संचालित आवास, स्वरोजगार, कौशल विकास और गरीबी उन्मूलन योजनाओं के संचालन में तेजी आने की उम्मीद है।
प्रतिनियुक्त किए गए अधिकारी खाद्य एवं रसद, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, ग्रामीण अभियंत्रण, राज्य कर, बेसिक शिक्षा परिषद, सूचना एवं जनसम्पर्क, सहकारिता तथा राज्य नियोजन संस्थान जैसे विभागों से हैं। इनमें पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी, सहायक अध्यापक और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी शामिल हैं।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन अधिकारियों की तैनाती प्रदेश के विभिन्न जनपदों में की गई है। इनमें लखनऊ, कानपुर नगर एवं देहात, कौशाम्बी, उन्नाव, बरेली, बदायूं, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, सोनभद्र, बस्ती, संतकबीर नगर, देवरिया, सिद्धार्थनगर, आजमगढ़, बाराबंकी, मुरादाबाद, मेरठ, मिर्जापुर, सहारनपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच, फिरोजाबाद, आगरा, भदोही, फतेहपुर, हमीरपुर, अमेठी, सुल्तानपुर, शाहजहांपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, गोंडा तथा बलरामपुर शामिल हैं।
डूडा के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जाता है। अनुभवी अधिकारियों की तैनाती से योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगा।
शासनादेश जारी कर सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। :::



























Comments