देव आनंद के बेटे सुनील आनंद का निधन, 70 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस
अन्य खबरे Jul 29, 2026 at 02:45 PM , 43मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील आनंद का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने समाचार एजेंसी पीटीआई को निधन की पुष्टि की। अभिनेता देव आनंद की भतीजी जीना नारंग ने भी उनके निधन की जानकारी साझा की। हालांकि, उनकी मृत्यु के कारण का आधिकारिक खुलासा अभी नहीं किया गया है।
सुनील आनंद ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 1984 में फिल्म 'आनंद ही आनंद' से की थी। इस फिल्म का निर्माण उनके पिता देव आनंद ने अपने बेटे को लॉन्च करने के उद्देश्य से किया था। फिल्म में देव आनंद के साथ राखी और स्मिता पाटिल जैसी दिग्गज अभिनेत्रियां भी थीं, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद सुनील आनंद 'कार थीफ', 'मैं तेरे लिए' और 'मास्टर' जैसी फिल्मों में नजर आए। वर्ष 2001 में रिलीज़ हुई 'मास्टर' का उन्होंने निर्देशन भी किया, लेकिन उन्हें फिल्मी दुनिया में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।
सुनील आनंद ने अमेरिका से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की थी। देव आनंद चाहते थे कि उनका बेटा व्यवसाय के क्षेत्र में करियर बनाए, लेकिन सुनील ने अभिनय को अपना पेशा चुना। पिता ने उनके निर्णय का पूरा समर्थन किया, हालांकि फिल्मी सफर अपेक्षित ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच सका।
बताया जाता है कि सुनील आनंद ने विवाह नहीं किया था। अभिनेता Jackie Shroff के संघर्ष के दिनों में दोनों की मित्रता हुई थी और सुनील आनंद ने ही जैकी श्रॉफ की मुलाकात देव आनंद से कराई थी।
सुनील आनंद के निधन से हिंदी फिल्म जगत में शोक की लहर है। फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकार और उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।



























Comments