बक्शी का तालाब में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, अब 5 लाख रुपये तक की निशुल्क इलाज सुविधा मिलेगी

अन्य खबरे , 80

लखनऊ। विकासखंड बक्शी का तालाब में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ खंड विकास कार्यालय के सभागार में आयोजित भव्य समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके उपरांत प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय उद्घाटन समारोह का सभी उपस्थित जनों ने सजीव प्रसारण देखा।
समारोह में ब्लॉक प्रमुख उषा सिंह, उनके प्रतिनिधि रामेंद्र सिंह (मोनू), खंड शिक्षा अधिकारी प्रीति शुक्ला तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर कुमार परिमल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकासखंड बक्शी का तालाब के बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं मध्यान्ह भोजन योजना से जुड़े रसोइयों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया तथा उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य शिक्षा परिवार को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों के उपचार में आर्थिक बोझ को कम करना है।
इसके साथ ही स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग के कार्मिकों को दुर्घटना बीमा (एक्सीडेंटल इंश्योरेंस) का लाभ भी प्रदान किया जाएगा, जिससे उन्हें अतिरिक्त सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
योजना के शुभारंभ के बाद पात्र लाभार्थियों को कैशलेस कार्ड का डेमो वितरित किया गया तथा इसके उपयोग की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं रसोइयों ने इस महत्वाकांक्षी योजना का स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि यह योजना स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक परिस्थितियों में शिक्षा परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुलभ करा सकेगी।

Related Articles

Comments

Back to Top