आजमगढ़ जेल से 10 साल बाद फरार एक लाख के इनामी बदमाश को STF ने दबोचा, हत्या-डकैती समेत कई संगीन मामलों में था वांछित
अन्य खबरे Jun 17, 2026 at 08:35 PM , 21लखनऊ/आजमगढ़। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) उत्तर प्रदेश ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2016 में आजमगढ़ जिला कारागार से फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी प्रकाश उर्फ जयप्रकाश उर्फ फरगास मुसहर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या, डकैती और लूट जैसे कई संगीन अपराधों में शामिल रहा है।
STF के अनुसार, आरोपी को 16 जून 2026 की रात करीब 10:40 बजे आजमगढ़ के सिधारी थाना क्षेत्र स्थित समेदा, शाहगढ़ तिराहा (मऊ रोड) से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रकाश उर्फ जयप्रकाश उर्फ फरगास मुसहर पुत्र बुद्धन मुसहर, निवासी ग्राम दुरखुशी, थाना मरदह, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है।
2016 में जेल की दीवार फांदकर हुआ था फरार
STF को लंबे समय से फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों की तलाश थी। जांच के दौरान पता चला कि वर्ष 2016 में आजमगढ़ जिला कारागार में बंद प्रकाश, चंद्रशेखर और जितेंद्र जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज किया गया था। STF ने पहले चंद्रशेखर को भी गिरफ्तार किया था, जबकि प्रकाश पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
हत्या और डकैती की कई वारदातों में था आरोपी
STF के मुताबिक, प्रकाश मुसहर अपने गिरोह के साथ कई जघन्य वारदातों में शामिल रहा है। आरोप है कि—
वर्ष 2014 में जीयनपुर क्षेत्र में डॉक्टर दंपति की हत्या कर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था।
बलिया के फेफना क्षेत्र में डकैती के दौरान हत्या और दो महिलाओं की मौत का मामला सामने आया था।
आजमगढ़ के तरवां क्षेत्र में मंदिर परिसर में सो रहे पुजारी समेत तीन लोगों की हत्या कर डकैती की घटना में भी आरोपी का नाम सामने आया था।
इसके अलावा आजमगढ़ के अन्य क्षेत्रों में भी हत्या और लूट की कई घटनाओं में उसकी संलिप्तता बताई गई है।
जेल से फरारी की घटना
STF के अनुसार, वर्ष 2016 में जेल में बंद रहने के दौरान आरोपी और उसके साथियों ने खाना बनाने के सामान, चादर और गमछे की मदद से जेल की दीवार फांदकर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपी को थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ में दर्ज मुकदमे में दाखिल किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।



























Comments