एमएमएमयूटी को मिली पहली महिला कुलपति: प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा संभालेंगी विश्वविद्यालय की कमान

जनपत की खबर , 21

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जारी किए आदेश, तीन वर्ष के लिए हुई नियुक्ति; तकनीकी शिक्षा में नए बदलावों की उम्मीद

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT), गोरखपुर को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने प्रोफेसर अनुपमा कौशिक शर्मा को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया है। राजभवन से जारी आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी तीन वर्षों के लिए की गई है।
प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा वर्तमान में पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ स्थित यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (UICTE) में अध्यक्ष एवं निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है और उन्हें शोध, प्रशासन तथा अकादमिक नेतृत्व के लिए जाना जाता है।
राज्यपाल द्वारा जारी आदेश में उत्तर प्रदेश मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अधिनियम-2013 की धारा-11 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उल्लेख किया गया है। आदेश के मुताबिक प्रो. शर्मा विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व करेंगी।
प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा की नियुक्ति को विश्वविद्यालय और तकनीकी शिक्षा जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में MMMUT में शोध गतिविधियों, नवाचार, उद्योगों के साथ समन्वय तथा छात्रों के लिए रोजगारपरक अवसरों को नई गति मिलेगी।
विशेष बात यह भी मानी जा रही है कि विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार किसी महिला शिक्षाविद् को कुलपति पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे महिला नेतृत्व को भी नई पहचान मिलेगी।
राजभवन द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव, प्राविधिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश शासन सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

Related Articles

Comments

Back to Top