प्राथमिक शिक्षक संघ चुनाव का बिगुल, आज नामांकन; 15 मई को होगा मतदान, उसी दिन आएंगे नतीजे
राष्ट्रीय May 10, 2026 at 12:47 PM , 23लखनऊ, 10 मई।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जनपद लखनऊ शाखा की सभी ब्लॉक इकाइयों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जिला कार्यसमिति ने चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में आज, 10 मई को जनपद की सभी ब्लॉक इकाइयों में अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन कराया जा रहा है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन प्रक्रिया आज प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक चलेगी। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन अपराह्न 3 बजे किया जाएगा।
नामांकन की पूरी प्रक्रिया जिला मुख्यालय स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय आलमबाग, बल्दीखेड़ा, पिकैडिली होटल के निकट, कानपुर रोड, लखनऊ में संपन्न कराई जा रही है। जिला कार्यसमिति ने स्पष्ट किया है कि जनपद की सभी ब्लॉक इकाइयों के इच्छुक प्रत्याशियों को यहीं आकर नामांकन दाखिल करना होगा।
निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों के तहत अध्यक्ष, मंत्री और कोषाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र तभी वैध माना जाएगा, जब उस पर संबंधित ब्लॉक की मतदाता सूची में दर्ज 5 प्रस्तावकों और 5 समर्थकों के हस्ताक्षर हों। साथ ही प्रस्तावक और समर्थक को निर्वाचन अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने हस्ताक्षरों की पुष्टि भी करनी होगी।
संघ के अनुसार यदि किसी ब्लॉक में एक से अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं और मतदान की आवश्यकता पड़ती है, तो मतदान 15 मई 2026 को संबंधित ब्लॉक के ब्लॉक संसाधन केंद्र पर अपराह्न 1:30 बजे से सायं 4 बजे तक कराया जाएगा।
मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और मतगणना पूरी होने के बाद उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। ऐसे में आज का दिन जनपद लखनऊ के शिक्षक राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि नामांकन के साथ ही ब्लॉक इकाइयों के चुनावी समीकरण साफ होने लगेंगे।































Comments