भीषण गर्मी और लू का असर: यूपी में परिषदीय स्कूलों का समय बदलने की उठी मांग, सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक संचालन का प्रस्ताव

जनपत की खबर , 25

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव की मांग तेज हो गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ लखनऊ द्वारा बेसिक शिक्षा विभाग को भेजे गए पत्र में वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए स्कूलों का समय प्रातः 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक किए जाने का अनुरोध किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश द्वारा जारी निर्देशों तथा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की चेतावनी के अनुसार छात्रों को हीट वेव और लू से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए।
बताया गया है कि परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है। भीषण गर्मी के दौरान बिजली बाधित होने से कक्षाओं में उमस बढ़ जाती है, जिससे छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है।
वर्तमान में विद्यालयों का संचालन सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक हो रहा है। स्कूल छुट्टी के समय गर्मी अपने चरम पर होती है, ऐसे में बच्चों को 1 से 3 किलोमीटर तक पैदल घर लौटना पड़ता है, जिससे लू लगने और स्वास्थ्य खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि शाहजहांपुर, प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में मौसम को देखते हुए विद्यालयों के समय में पहले ही बदलाव किया जा चुका है।
ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग से मांग की गई है कि मौसम विभाग की चेतावनी और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों का समय तत्काल प्रभाव से सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाए।
अब देखना होगा कि सरकार और शिक्षा विभाग इस मांग पर क्या फैसला लेते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top