सीतापुर में STF की बड़ी कार्रवाई: 803 संरक्षित तोतों संग तस्कर गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा

अन्य खबरे , 32

लखनऊ/सीतापुर। स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। STF की टीम ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय एक गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से रोजरिंग प्रजाति के 803 संरक्षित तोते बरामद किए हैं। यह कार्रवाई 28 मार्च 2026 को जनपद सीतापुर के खैराबाद क्षेत्र में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम (पुत्र स्व. पप्पू), निवासी कांशीराम कॉलोनी, खैराबाद, सीतापुर के रूप में हुई है। STF ने उसके पास से 8 पिंजरों और 7 झोलों में बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसे गए कुल 803 तोते बरामद किए।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में की गई। उपनिरीक्षक फैजूद्दीन सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर शांतिनगर काजियारा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर लंबे समय से पक्षियों का अवैध व्यापार कर रहा है। कम मुनाफे के चलते पिछले कुछ वर्षों से प्रतिबंधित प्रजातियों की तस्करी शुरू की गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि लखीमपुर खीरी, रामपुर और पीलीभीत के जंगलों से बड़ी संख्या में तोते और अन्य संरक्षित पक्षी लाकर उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में ऊंचे दामों पर बेचे जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना खैराबाद, सीतापुर में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई प्रदेश में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी मजबूती देने वाली मानी जा रही है।

Related Articles

Comments

Back to Top