सरोजनी नगर में बाल वाटिका ‘नवारंभ उत्सव’ का भव्य आयोजन, अधिकारियों ने बच्चों को बांटे उपहार

जनपत की खबर , 86

लखनऊ। विकासखंड सरोजनी नगर के प्राथमिक विद्यालय रामचौरा में बाल वाटिका के ‘नवारंभ उत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया।
मुख्य अतिथि के रूप में अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा श्री पार्थसारथी सेन शर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नवागंतुक बच्चों को गिफ्ट हैम्पर वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही ईसीसी (प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा) एजुकेटर द्वारा 6 वर्ष पूर्ण कर चुके बच्चों की सूची विद्यालय के प्रधानाध्यापक को सौंपी गई।
कार्यक्रम में महानिदेशक स्कूल शिक्षा श्रीमती मोनिका रानी ने बाल वाटिका एवं प्री-प्राइमरी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा बच्चों के समग्र विकास की मजबूत नींव है।
इस अवसर पर राज्य परियोजना कार्यालय के वरिष्ठ विशेषज्ञ श्री माधव जी तिवारी, मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) लखनऊ मंडल श्री श्याम किशोर तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय श्री राजेश सिंह तथा सरोजनी नगर के खंड शिक्षा अधिकारी श्री आर.पी. यादव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी सरोजनी नगर द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजन ने न केवल बच्चों में उत्साह भरा, बल्कि अभिभावकों को भी प्रारंभिक शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।

Related Articles

Comments

Back to Top