निर्माण भवन में कंप्यूटर उपकरण में लगी आग, बड़ा हादसा टला—जांच समिति गठित

जनपत की खबर , 163

लखनऊ, 20 मार्च:
राजधानी लखनऊ स्थित लोक निर्माण विभाग (लो०नि०वि०) के निर्माण भवन में एक संभावित बड़ा हादसा टल गया, जब प्रमुख अभियंता कार्यालय परिसर के एक कक्ष में कंप्यूटर उपकरण में आग लगने की घटना सामने आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 मार्च 2026 की रात कक्ष संख्या A-014 में अज्ञात तकनीकी कारणों से हुई। आग लगने की जानकारी 20 मार्च की सुबह तब हुई जब संबंधित कक्ष खोला गया। उस समय कमरा धुएं से भरा हुआ था, हालांकि आग स्वयं बुझ चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई की। राहत की बात यह रही कि आग कक्ष के बाहर अन्य हिस्सों में नहीं फैली और न ही किसी महत्वपूर्ण अभिलेख को नुकसान पहुंचा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच के आदेश दे दिए हैं। अधीक्षण अभियंता चन्द्र शेखर और अधिशासी अभियंता मुनेश्वर सिंह की दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिन्हें तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी से जुड़ा माना जा रहा है।

Related Articles

Comments

Back to Top