उन्नाव के मुंशीगंज में अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों की भरमार, झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी

अन्य खबरे , 87

सूरज
उन्नाव। जनपद के हसनगंज क्षेत्र के कस्बा मुंशीगंज में अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों का जाल फैलता जा रहा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार क्षेत्र में कई मेडिकल स्टोर और क्लिनिक बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं, जहां बिना डिग्री वाले लोग मरीजों का इलाज कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इन क्लिनिकों पर झोलाछाप डॉक्टर बड़ी-बड़ी बीमारियों का इलाज करने का दावा कर रहे हैं और मरीजों को दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। सवाल उठ रहा है कि आखिर ड्रग इंस्पेक्टर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की नजर इन अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों पर क्यों नहीं पड़ रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि बिना योग्य डॉक्टरों के इलाज से मरीजों की जान को खतरा हो सकता है और किसी भी समय बड़ी दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रीय नागरिकों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि मुंशीगंज कस्बे में चल रहे अवैध मेडिकल स्टोर और क्लिनिकों की जांच कर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि मरीजों की जिंदगी से हो रहे खिलवाड़ को रोका जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top