लखनऊ में “द ग्रेट शक्तिस्वरूपा उत्सव” का आगाज़, श्रमजीवी महिलाओं का हुआ सम्मान

अन्य खबरे , 98

लखनऊ, 1 मार्च 2024 (रविवार)।
मिशन शक्ति के अंतर्गत “द ग्रेट शक्तिस्वरूपा उत्सव” के साथ नव अंशिका फाउंडेशन द्वारा ‘नव अंशिका महिला माह’ की शुरुआत रविवार को की गई। गोमती नगर स्थित रेल विहार कॉलोनी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में घरों में कार्य करने वाली श्रमजीवी महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ-साथ बिहार से आई महिलाओं की भी भागीदारी रही।
सामूहिक जन्मदिन और सम्मान समारोह
“नव अंशिका श्रमदेवी शक्ति सम्मान” कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं के सामूहिक जन्मदिन समारोह से हुई, जिसमें केक काटकर उत्सव मनाया गया। अनीता, सीमा, माया, नेहा, रेखा, रंजीता, पूनम, वर्षा सहित अन्य महिलाओं को फूलमाला पहनाकर नई साड़ी और किचन उपयोगी सामग्री भेंट की गई। सम्मान पाकर कई महिलाओं की आंखें नम हो गईं।
इस अवसर पर अनीता ने भावुक होते हुए कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में गोंडा, बहराइच, लखीमपुर और बिहार से लखनऊ आकर सेवा कार्य करने वाली महिलाओं के लिए यह आयोजन परिवार जैसा स्नेह और अपनापन देने वाला है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजा उत्सव
सम्मान समारोह के बाद महिलाओं ने भजन-गीत प्रस्तुत किए और डीजे की धुन पर नृत्य कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में संस्था की उपाध्यक्ष नीरा लोहानी, अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी मंजू बिष्ट, रेखा शर्मा, चंद्र प्रभा मायर, सावित्री देवी, रचना सिंह, पूनम पांडेय, ललिता सरीन, आभा सिंह, गरिमा श्रीवास्तव, शाहीन खान, रेनू जोशी, डॉ. शालिनी दत्त, आनंदिता कौशिक, पम्मी मायर और प्रीति शर्मा सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
8 मार्च को होगी “नारी एक रूप अनेक” प्रतियोगिता
संस्था की अध्यक्षा नीशू त्यागी ने बताया कि महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर “नारी एक रूप अनेक” थीम पर स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों की कृतियां 8 मार्च को संस्था के फेसबुक अकाउंट पर अपलोड की जाएंगी।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को अपनी कृतियां 7 मार्च तक व्हाट्सएप नंबर 9721700025 पर भेजना अनिवार्य है। परिणामों की घोषणा 29 मार्च को गोमती नगर, विकल्प खंड स्थित गोमतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में की जाएगी।
इस प्रकार पूरे मार्च माह में महिलाओं को समर्पित विविध कार्यक्रमों के माध्यम से सशक्तिकरण का संदेश दिया जाएगा।

Related Articles

Comments

Back to Top