बाराबंकी में 300 मीटर सड़क निर्माण अटका: आदेशों के बावजूद कार्रवाई नहीं, नई बस्ती गुग्गौर में जलभराव से लोग परेशान
अन्य खबरे Feb 28, 2026 at 05:55 PM , 157लखनऊ/बाराबंकी।
जनपद के कुर्सी रोड स्थित ग्राम गुग्गौर की नई बस्ती में लगभग 300 मीटर सड़क एवं नाली निर्माण का मामला पिछले पांच वर्षों से लंबित बताया जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार लगातार प्रार्थना पत्र देने और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है।
बताया गया कि बस्ती के प्रतिनिधि द्वारा मामला माननीय उच्च न्यायालय, खंडपीठ लखनऊ में जनहित याचिका के रूप में प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय ने सक्षम प्राधिकारी को उत्तर प्रदेश पंचायती राज अधिनियम की धारा 96 के तहत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद 2 जुलाई 2025 को जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) बाराबंकी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) निंदुरा को क्षेत्र पंचायत समिति के माध्यम से कुर्सी राजमार्ग की ऊंचाई तक सड़क एवं नाली निर्माण कराने के निर्देश जारी किए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसके बावजूद कार्य शुरू नहीं हुआ। उनका कहना है कि विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं मंत्रियों द्वारा भी जिलाधिकारी बाराबंकी को लिखित रूप से कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। 23 फरवरी 2025 को जिलाधिकारी स्तर से भी बीडीओ निंदुरा को निर्माण कार्य कराने के आदेश जारी होने की जानकारी दी गई, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई प्रगति नहीं हुई है।
नई बस्ती के निवासियों के अनुसार हर वर्ष बरसात के दौरान लगभग दो फीट तक जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है। क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान हो सके।
यह मामला प्रशासनिक स्तर पर समन्वय और क्रियान्वयन की स्थिति पर भी सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस पर क्या रुख अपनाता है और क्षेत्रवासियों को राहत कब तक मिलती है।



























Comments