योगी सरकार का बजट विकास और विश्वास का दस्तावेज: मंत्री कपिल देव अग्रवाल

अन्य खबरे , 80

9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव

डबल इंजन सरकार से यूपी बना निवेश का पसंदीदा गंतव्य

कानून व्यवस्था सुधार से उद्योग और निवेश को मिला नया भरोसा

एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और निवेश से बदली प्रदेश की तस्वीर

जेवर एयरपोर्ट और आरआरटीएस से वैश्विक पहचान की ओर बढ़ता यूपी

कौशल विकास में बड़ा निवेश, आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षित होंगे युवा

आईटीआई आधुनिकीकरण से रोजगार और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधि, विधायकों की ओर से की जा रही मांग पर एम्स और हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता पर आकर्षित किया ध्यान 

किसान, युवा, उद्यमियों और महिलाओं को समर्पित योगी सरकार का बजट

16 फरवरी 2026 लखनऊ ।


प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य पर विश्वास का संकल्प है। उन्होंने कहा कि  वित्त मंत्री सुरेश खन्ना द्वारा प्रस्तुत बजट विकास की गाथाओं, नई संभावनाओं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव को दर्शाता है।


मंत्री अग्रवाल ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का लक्ष्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग 9.12 लाख करोड़ रूपए का बजट प्रदेश को 01 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की दिशा में मजबूत कदम है और यह आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा तैयार करता है।

 

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में असुरक्षा और अव्यवस्था का माहौल था, जिससे उद्योग और निवेश प्रभावित होते थे। वर्तमान सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत कर निवेश के अनुकूल वातावरण बनाया है। उन्होंने सड़क, बिजली और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, निवेश शिखर सम्मेलन और औद्योगिक परियोजनाओं ने प्रदेश की छवि बदली है तथा बड़े निवेश और रोजगार के अवसर पैदा किए हैं।उद्यमियों के लिए बजट और नई योजनाओं का संचालन कर उन्हें बेहतर संभावनाएं दी जा रही है। 


मंत्री अग्रवाल ने कहा कि निवेशकों का विश्वास बढ़ने से प्रदेश में लाखों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे युवाओं को रोजगार और उद्यम के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने जेवर एयरपोर्ट, आरआरटीएस, गंगा एक्सप्रेसवे सहित विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर नई पहचान देंगी। साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास से पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।

अपने विभाग का उल्लेख करते हुए मंत्री अग्रवाल ने बताया कि कौशल विकास एवं व्यावसायिक शिक्षा क्षेत्र में बजट बढ़ाकर 3336 करोड़ रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कि आईटीआई और कौशल प्रशिक्षण संस्थानों में आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रोन, रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल, सोलर और हेल्थकेयर सेक्टर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश भर में आईटीआई का आधुनिकीकरण कर युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार किया जा रहा है।


मंत्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में पश्चिम उत्तर प्रदेश के जनप्रतिनिधि, विधायकों की ओर से की जा रही  महत्वपूर्ण मांग की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए पश्चिम उत्तर प्रदेश में एम्स की स्थापना और हाईकोर्ट बेंच की आवश्यकता पर बल दिया । उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य और न्याय सेवाओं में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी, पेंशन योजनाओं में बढ़ोतरी का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।


अपने संबोधन के अंत में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार का यह बजट किसानों की मुस्कान, युवाओं के आत्मविश्वास और महिलाओं की शक्ति का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा होगा।

Related Articles

Comments

Back to Top