बक्शी का तालाब में ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ उत्सव का भव्य आयोजन, निपुण बच्चों व शिक्षकों का हुआ सम्मान
अन्य खबरे Jan 29, 2026 at 04:38 PM , 141लखनऊ।
विकासखंड बक्शी का तालाब में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आज ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्रीय ग्राम विकास संस्थान, बीकेटी के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग की संयुक्त सहभागिता रही।
कार्यक्रम के दौरान निपुण भारत मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निपुण बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित एक शिक्षिका को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी, बक्शी का तालाब प्रीती शुक्ला ने बताया कि निपुण भारत के अंतर्गत पूर्व प्राथमिक शिक्षा को सुदृढ़ करने तथा जनसमुदाय को जागरूक करने के उद्देश्य से इस उत्सव का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी और प्राथमिक विद्यालयों की समन्वित भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बीकेटी उषा सिंह रहीं। विशिष्ट अतिथियों में रामेंद्र सिंह ‘मोनू’, सीडीपीओ रेनू शुक्ला एवं खंड विकास अधिकारी बीकेटी पूजा पांडे शामिल रहीं। अतिथियों ने उपस्थित बच्चों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा सम्मानित प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम प्रभारी एवं एआरपी क्षमा तिवारी ने बताया कि विकासखंड की प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित निपुण बच्चों को प्रमाण पत्र एवं स्टेशनरी किट प्रदान कर मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
उत्सव के दौरान प्राथमिक विद्यालय बेहटा, प्राथमिक विद्यालय भैंसामऊ एवं प्राथमिक विद्यालय सोनवा के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं शिक्षिका रुबी गुप्ता एवं अंजू के नेतृत्व में टीएलएम प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा पौष्टिक आहार से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए।
कार्यक्रम में एआरपी अनुपम कुमार गुप्ता, कुमकुम तिवारी, वंदना श्रीवास्तव, वंदना मिश्रा, आरती अर्कवंशी, शिप्रा तिवारी, ज्ञानेंद्र शंकर त्रिपाठी, कौशलेंद्र सिंह, अक्षय मिश्रा, नंदिनी राठौर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।































Comments