विकसित भारत के संकल्प के केंद्र में नारी शक्ति, राजस्थान में 12 लाख महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
अन्य खबरे Jan 11, 2026 at 04:10 PM , 138जयपुर, 11 जनवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा के केंद्र में नारी शक्ति है। उन्होंने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार ने महिला सशक्तीकरण को जीवन के प्रत्येक चरण से जोड़ा है—मातृत्व से लेकर शिक्षा, आजीविका और सम्मानजनक, सुरक्षित व आत्मनिर्भर जीवन तक।
मुख्यमंत्री रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर सामाजिक क्षेत्र में रुचि रखने वाली छात्राओं के साथ बजट पूर्व संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मातृत्व एक स्वस्थ समाज की नींव है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना को राज्य में प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे अब तक करीब 10 लाख महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं। योजना के अंतर्गत देय राशि को बढ़ाकर 6,500 रुपये किया गया है।
प्रदेश में 12 लाख से अधिक महिलाएं बनीं ‘लखपति दीदी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तीकरण तब संभव है, जब महिलाओं के पास कौशल, अवसर और आर्थिक आत्मनिर्भरता हो। इसी उद्देश्य से प्रदेश में लगभग 20 लाख महिलाओं को कौशल विकास व आजीविका कार्यक्रमों से जोड़ा गया है। इसके परिणामस्वरूप 12 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
बेटियों के भविष्य को सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम
उन्होंने बताया कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत दी जाने वाली राशि बढ़ाकर डेढ़ लाख रुपये कर दी गई है। अब तक बेटियों को साढ़े 10 लाख साइकिलें और करीब 40 हजार स्कूटियां वितरित की जा चुकी हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
रोजगार और पारदर्शी भर्ती पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले दो वर्षों में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि डेढ़ लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 3 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पेपर लीक पर सख्ती से लगाम लगाई है। बीते दो वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता से की जा रही हैं। 10 जनवरी को नव चयनित कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 2500 से अधिक महिलाएं शामिल थीं।
आत्मनिर्भर भारत में महिलाओं की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राजस्थान में पर्यटन, उद्योग, स्टार्टअप और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, जिनमें महिलाएं नई ऊंचाइयां छू सकती हैं।
उन्होंने 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद जयंती पर मनाए जाने वाले युवा दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को प्रेरित करते हैं। उनका संदेश—‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो’—हम सभी के लिए मार्गदर्शक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का विकास तभी पूर्ण होगा जब बेटियां शिक्षित, सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आत्मसम्मान से परिपूर्ण हों। इस संवाद से प्राप्त सुझाव नीति निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता श्री संदीप वर्मा, प्रमुख शासन सचिव वित्त श्री वैभव गालरिया, प्रमुख शासन सचिव महिला एवं बाल विकास श्री भवानी सिंह देथा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी व उच्च शिक्षा संस्थानों की छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।



























Comments