राज्य स्तरीय टीम ने किया वीरांगना अवंती बाई महिला चिकित्सालय का निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाएं पाई गईं संतोषजनक
अन्य खबरे Jan 09, 2026 at 06:53 PM , 117लखनऊ। महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, उत्तर प्रदेश शासन के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की राज्य स्तरीय टीम ने वीरांगना अवंती बाई महिला चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एफआरयू (फर्स्ट रेफरल यूनिट) के तहत संचालित व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
राज्य स्तर से आई टीम में डॉ. राजश्री चौधरी, नोडल अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण तथा समन्वय अधिकारी श्रीमती तृप्ति श्रीवास्तव शामिल रहीं। टीम ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार अस्पताल की ओपीडी, लेबर रूम, मैटरनिटी ऑपरेशन थिएटर, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, एसएनसीयू, मैटरनिटी वार्ड, फार्मेसी, किचन एवं लॉन्ड्री, ऑक्सीजन प्लांट तथा मिनी स्किल लैब का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं। राज्य स्तरीय टीम ने चिकित्सालय में प्रदान की जा रही सेवाओं की सराहना करते हुए भविष्य में सुविधाओं के और अधिक सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. ज्योति मेहरोत्रा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. रेनू पंत, डॉ. सलमान, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. दीपक कुमार आजाद, मो. आसिफ, मात्रिकाएं श्रीमती किरण लता सोनकर एवं श्रीमती लालमती, नर्सिंग स्पेशलिस्ट श्रीमती कीर्ति तिवारी सहित चिकित्सालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



























Comments