*क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय गाजियाबाद ने 2025 में रचा नया रिकॉर्ड, 3.55 लाख से अधिक पासपोर्ट जारी*

अन्य खबरे , 140

गाजियाबाद। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद ने वर्ष 2025 में पासपोर्ट सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत 21 अप्रैल 2025 को पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम वर्जन 2.0 को सफलतापूर्वक लागू किया गया, जिससे पासपोर्ट निर्गमन प्रक्रिया में उल्लेखनीय सुधार हुआ और आवेदकों को ई-पासपोर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

वर्ष 2025 के दौरान क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद द्वारा कुल 3,55,094 पासपोर्ट और 11,308 पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (PCC) जारी किए गए। यह अब तक किसी एक वर्ष में कार्यालय द्वारा जारी किए गए पासपोर्ट की सर्वाधिक संख्या है।

आवेदकों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में पासपोर्ट एवं पीसीसी अपॉइंटमेंट की संख्या लगभग दोगुनी की गई। वहीं लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए “वॉक-इन” सुविधा को और सुदृढ़ किया गया, जिसके अंतर्गत आवेदकों को सोमवार से गुरुवार तक बिना ऑनलाइन अपॉइंटमेंट कार्यालय आकर अपनी लंबित फाइलों के निस्तारण का अवसर मिला।

कार्यालय द्वारा नियमित रूप से विशेष अभियानों के माध्यम से लंबित मामलों वाले आवेदकों को पत्र भेजकर कार्यालय बुलाया गया। इसके अलावा, वर्ष 2025 में 33 शनिवारों को कार्यालय को अतिरिक्त कार्यदिवस के रूप में खोला गया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र भी शनिवार को विशेष रूप से संचालित किए गए।

आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पासपोर्ट लोक अदालतों का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने आवेदकों से सीधे संवाद कर समस्याओं के समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। साथ ही विभिन्न जिलों में “पासपोर्ट मेला” आयोजित कर आवेदकों को विशेष सुविधाएं प्रदान की गईं।

“पासपोर्ट सेवा आपके द्वार” योजना के तहत वर्ष 2025 में 14 प्रतिष्ठित सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में पासपोर्ट मोबाइल वैन तैनात की गई, जिससे बड़ी संख्या में आवेदकों को समय पर सेवाएं मिल सकीं। सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए डाक विभाग, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज तथा कार्यालय के कार्मिकों को नियमित प्रशिक्षण भी दिया गया।

आवेदकों की सहायता के लिए एक विशेष शिकायत निवारण तंत्र स्थापित किया गया है, जिसके अंतर्गत ई-मेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर शुरू किए गए हैं। साथ ही कार्यालय के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्लेटफॉर्म के माध्यम से पासपोर्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ नियमित रूप से साझा की जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त, पासपोर्ट सेवा केंद्र गाजियाबाद में ट्राइफेड के सहयोग से जनजातीय उत्पादों के लिए एक विशेष स्टॉल की स्थापना की गई है, जो जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और सशक्तीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है।
***

Related Articles

Comments

Back to Top