यूपी पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ आउटसोर्स कर्मचारियों का प्रदेशव्यापी विरोध, कार्यवृत्त की प्रतियां फूंकी
जनपत की खबर Dec 26, 2025 at 07:20 PM , 100लखनऊ।
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन द्वारा अपने ही आदेशों के उल्लंघन के विरोध में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों पर कार्यरत लगभग 15 हजार आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों ने प्रदेशभर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों की छंटनी, अनुबंध व वेतन संबंधी अनियमितताओं और पूर्व में बनी सहमति के पालन न किए जाने से नाराज संगठन ने यह आंदोलन किया।
संगठन का आरोप है कि पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने अपने आदेश दिनांक 15 मई 2017 और 18 सितंबर 2025 का उल्लंघन करते हुए कर्मचारियों की छंटनी की, कार्य के अनुरूप अनुबंध नहीं किए, ₹18,000 वेतन निर्धारित नहीं किया तथा मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों को पुनः कार्य पर नहीं लिया। इसके साथ ही घायल कर्मचारियों को कैशलेस इलाज न मिलने, इलाज में खर्च हुई राशि का भुगतान न होने, 55 वर्ष का हवाला देकर अनुभवी कर्मचारियों को हटाने, वर्टिकल व्यवस्था लागू करने, भ्रष्ट ठेकेदारों पर कार्रवाई न करने और मीटर रीडरों को न्यूनतम वेतन से कम भुगतान करने के आरोप भी लगाए गए।
पूर्व में इन मांगों को लेकर संगठन द्वारा शक्ति भवन, लखनऊ पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन) की अध्यक्षता में पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन और संगठन पदाधिकारियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें कई महत्वपूर्ण सहमतियां बनी थीं। इसमें तय हुआ था कि 15 मई 2025 के आदेश का उल्लंघन कर किसी भी कर्मचारी को नहीं हटाया जाएगा, 55 वर्ष के आधार पर हटाए गए कर्मचारियों को रिक्त पदों पर समायोजित किया जाएगा, वर्टिकल व्यवस्था लागू होने पर भी किसी कर्मचारी की छंटनी नहीं होगी और मार्च 2023 में हटाए गए कर्मचारियों को पुनः कार्य पर लिया जाएगा।
इसके अलावा घायल कर्मचारियों के इलाज में खर्च धनराशि की जांच कर संविदाकारों के बिल से भुगतान करने और मीटर रीडरों को न्यूनतम वेतन से कम भुगतान की जांच कराने पर भी सहमति बनी थी।
हालांकि संगठन का कहना है कि 29 नवंबर 2025 को जारी किया गया कार्यवृत्त, 26 नवंबर 2025 की बैठक में बनी सहमति के अनुरूप नहीं है। इसी के विरोध में 23 दिसंबर 2025 को प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विरोध प्रदर्शन किया गया और कार्यवृत्त की प्रतियों का दहन किया गया।
लखनऊ जनपद में शाम 4 बजे कर्मचारियों ने रैली निकालकर मुख्य अभियंता, अमौसी जोन, इंद्रलोक हाइडिल कॉलोनी, कृष्णा नगर स्थित लेसा कार्यालय पर प्रदर्शन किया और पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन द्वारा जारी कार्यवृत्त की प्रति जलाकर विरोध दर्ज कराया।

































Comments