*ठंड में आने वाले फरियादियों के लिए रैनबसेरे में रुकने की कराएं व्यवस्था*
राष्ट्रीय Dec 22, 2025 at 11:05 AM , 113लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी में ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद स्तर पर भी नियमित रूप से ‘जनता दर्शन’ आयोजित किए जाते हैं, इसके बावजूद बड़ी संख्या में फरियादी लखनऊ पहुंचते हैं। कई लोग एक दिन पहले ही राजधानी आ जाते हैं। ऐसे में सरकार ने रैन बसेरों में समुचित व्यवस्था की है। उन्होंने लखनऊ प्रशासन को निर्देश दिए कि रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां ठहरे लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ठंड के मौसम का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे पहले अपने जिले के जिलाधिकारी और पुलिस कप्तान से संपर्क कर अपनी समस्याएं रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन जनता की शिकायतें सुनें और उनका समाधान कराएं, ताकि लोगों को ठंड में लखनऊ आने की आवश्यकता न पड़े।
‘जनता दर्शन’ में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे फरियादियों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि अस्पताल से एस्टिमेट उपलब्ध कराने पर सरकार सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि इलाज के अभाव में किसी को भी परेशानी न हो।
कार्यक्रम में जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। धान खरीद से संबंधित किसानों की शिकायतों पर भी उन्होंने तत्काल समाधान के आदेश दिए और कहा कि किसानों की समस्याओं का निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘जनता दर्शन’ में आए बच्चों से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया, उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा और उन्हें चॉकलेट दी। साथ ही अभिभावकों से अपील की कि ठंड के मौसम में बच्चों का विशेष ध्यान रखें। मुख्यमंत्री का यह स्नेह देखकर अभिभावक भावुक हो उठे।






























Comments