मुख्यमंत्री उ0प्र0 होमगार्ड्स संगठन के 63वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुए

जनपत की खबर , 9

मुख्यमंत्री ने उ0प्र0 होमगार्ड्स विभाग के राष्ट्रपति पदक विजेता अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित व परेड का निरीक्षण किया तथा परेड की सलामी ली

 

होमगार्ड्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का अनुशासन, निष्ठा, त्याग हमारे समाज को सुरक्षित तथा संरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करता : मुख्यमंत्री

 

आज यहां होमगार्ड्स संगठन के ऊर्जावान जवानों द्वारा अत्यन्त उच्च कोटि 

की रैतिक परेड का प्रदर्शन किया गया, यह होमगार्ड्स विभाग की अद्भुत 

कार्यक्षमता, उच्च कोटि के अनुशासन और अनवरत परिश्रम को दर्शाता

 

आज भारत के संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी का महापरिनिर्वाण दिवस, उन्होंने हमें प्रेरित किया कि हमारी पहचान परिवार, 

जाति, क्षेत्र, भाषा से नहीं, बल्कि एक भारतीय के रूप में होनी चाहिए

 

प्रधानमंत्री जी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रत्येक भारतवासी से कहा कि वर्दीधारी फोर्स के प्रति सम्मान का भाव हम सबके मन में होना चाहिए

 

कठिन परिश्रम एवं सेवा के परिणामस्वरूप राष्ट्रपति जी के पदक से 

उ0प्र0 होमगार्ड्स विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को अलंकृत किया गया

 

वर्तमान में राज्य सरकार ने 41 हजार 424 होमगार्ड्स के रिक्त पदों एनरोलमेण्ट 

प्रक्रिया प्रारम्भ की, जो अभ्यर्थी जिस जनपद का निवासी है, उसे उसी जनपद 

में नियुक्ति प्रदान करने हेतु प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा

 

होमगार्ड्स विभाग होमगार्ड्स के जवानों को आयुष्मान भारत की तर्ज 

पर कैशलेस स्वास्थ्य की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक प्रस्ताव 

बनाकर भेजे, प्रदेश सरकार इस कार्य को आगे बढ़ाएगी

 

होमगार्ड्स  विभाग ने राज्य आपदा प्रबन्धन विभाग के साथ सामंजस्य बनाकर 

04 हजार से अधिक जवानों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया

 

होमगार्ड्स के 14,000 से अधिक जवानों द्वारा महाकुम्भ-2025 को 

सकुशल सम्पन्न कराने में उत्कृष्ट सेवाभाव का परिचय दिया गया, 

उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सभी ने उनकी प्रशंसा की

 

होमगार्ड्स विभाग अपनी वेबसाइट एवं ‘होमगार्ड मित्र’ ऐप के माध्यम से जवानों की उपस्थिति, ड्यूटी व यूनिफॉर्म भत्ता तथा भुगतान की जानकारी उपलब्ध करा रहा

 

अब तक प्रदेश सरकार द्वारा 2,871 दिवंगत होमगार्ड्स जवानों के आश्रितों 

को 143 करोड़ 55 लाख रु0 की अनुग्रह राशि का भुगतान किया जा चुका

 

प्रदेश सरकार ने होमगार्ड्स के जवानों के दैनिक और प्रशिक्षण भत्तों में समय-समय 

पर वृद्धि करने के साथ ही अन्तरजनपदीय भत्ते को बढ़ाकर 04 गुना कर दिया

 

सरकार ने होमगार्ड्स  स्वयंसेवकों के अच्छे टर्न आउट को देखते हुए 

सर्वप्रथम 03 हजार रु0 प्रति तीन वर्ष में ऑनलाइन भुगतान किए जाने की व्यवस्था की

 

विभाग के 44 कार्यालय अपने भवनों में संचालित, वर्तमान में 

09 कार्यालय भवनों व मुख्यालय परिसर में कर्मचारियों के आवास के 

लिए जी$ 11 बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर

 

प्रत्येक थाने में होमगार्ड्स के जवानों के लिए भी एक रूम आरक्षित होना चाहिए, 

जिसमें वह रह सकें तथा अपनी यूनिफॉर्म व आवश्यक कागजात सुरक्षित रख सकें

लखनऊ : 06 दिसम्बर, 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने होमगार्ड्स के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आपका अनुशासन, निष्ठा व त्याग हमारे समाज को सुरक्षित तथा संरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन करता है। आप केवल एक बल के स्वयंसेवक नहीं, बल्कि समाज का विश्वास और प्रदेश सरकार की शक्ति हैं। आपकी सेवा ही सम्मान व अनुशासन पहचान है। राष्ट्रहित हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता में होना चाहिए। यही भावना प्रत्येक होमगार्ड्स जवान की सेवा को महान बनाएगी। प्रदेश सरकार होमगार्ड्स के जवानों के कल्याण के लिए पूरी तरह संकल्पित है। 

मुख्यमंत्री जी आज यहां उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स संगठन के 63वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स विभाग के राष्ट्रपति पदक विजेता अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि होमगार्ड्स स्थापना दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव का प्रतीक है। आज यहां होमगार्ड्स संगठन के ऊर्जावान जवानों द्वारा अत्यन्त उच्च कोटि की रैतिक परेड का प्रदर्शन किया गया है। यह होमगार्ड्स विभाग की अद्भुत कार्यक्षमता, उच्च कोटि के अनुशासन और अनवरत परिश्रम को दर्शाता है। इस भव्य रैतिक परेड में सम्मिलित होमगार्ड्स के सभी जवानों की सेरेमोनियल ड्रेस, परेड ग्राउण्ड की साज-सज्जा, हरियाली अत्यन्त आकर्षक व सम्मोहित करने वाली है। किसी भी वर्दीधारी फोर्स के लिए यह प्रशंसनीय और प्रेरणायी क्षण है। जब इस प्रकार का प्रदर्शन व परिसर बनाने के लिए हम प्रतिबद्ध होंगे, तो प्रत्येक भारतीय के मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव झलकता हुआ दिखाई देगा।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज भारत के संविधान शिल्पी बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी का महापरिनिर्वाण दिवस भी है। बाबा साहब ने प्रत्येक भारतीय को प्रेरणा देते हुए कहा कि हमारी पहचान परिवार, जाति, क्षेत्र, भाषा से नहीं, बल्कि एक भारतीय के रूप में होनी चाहिए। भारतीयता की इसी पहचान के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में प्रत्येक भारतवासी से कहा था कि वर्दीधारी फोर्स के प्रति सम्मान का भाव हम सबके मन में होना चाहिए।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि 06 दिसम्बर, 1963 को उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स  की स्थापना हुई थी। तभी से यह संगठन अटूट सुरक्षा कवच की तरह उत्तर प्रदेश पुलिस बल का सम्बल बना हुआ है। यह प्रशंसनीय है कि इस बल के कठिन परिश्रम एवं सेवा के परिणामस्वरूप राष्ट्रपति जी के पदक से उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को वर्ष 2024 में विशिष्ट सेवाओं के लिए 03 पदक, सराहनीय सेवाओं के लिए 11 पदक एवं वर्ष 2025 में सराहनीय सेवाओं के लिए 03 पदक तथा भारत सरकार के 38 कमण्डेशन डिस्क से अलंकृत किया गया है। पहले अक्सर होमगार्ड्स के जवानों को उपेक्षित कर दिया जाता था, अब उन्हें राष्ट्रपति व गृह मंत्रालय का सम्मान प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि होमगार्ड्स संगठन अब केवल पुलिस के सहायक के रूप में नहीं है। यह बल पुलिस के साथ कन्धे से कन्धा मिलाते हुए यातायात संचालन, डायल 112, चुनाव ड्यूटी, जेल सुरक्षा तथा कुम्भ जैसे आयोजनों में कानून व्यवस्था और शान्ति का वातावरण बनाने में अपना योगदान देता है। इनके सराहनीय योगदान के कारण चुनाव ड्यूटी के दौरान न केवल प्रदेश में बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में इनकी मांग होती है। यह संगठन प्रदेश में परीक्षाओं को सकुशल सम्पन्न कराने में अभूतपूर्व कार्य कर रहा है। वर्तमान में प्रदेश में आपदा मित्रों की नियुक्ति हो रही है। होमगार्ड्स  विभाग ने राज्य आपदा प्रबन्धन विभाग के साथ सामंजस्य बनाकर 04 हजार से अधिक जवानों को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया है।

मुख्यमंत्री जी ने सनातन संस्कृति के महापर्व प्रयागराज महाकुम्भ-2025 का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि महाकुम्भ में होमगार्ड्स के 14,000 से अधिक जवानों को तैनात किया गया था। इनके द्वारा महाकुम्भ को सकुशल सम्पन्न कराने में उत्कृष्ट सेवाभाव का परिचय दिया गया। उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए सभी ने उनकी प्रशंसा की थी। होमगार्ड्स विभाग अपनी वेबसाइट एवं ‘होमगार्ड मित्र’ ऐप के माध्यम से पारदर्शी और डिजिटल व्यवस्था विकसित कर, जवानों की उपस्थिति, ड्यूटी व यूनिफॉर्म भत्ता तथा भुगतान की प्रत्येक जानकारी आसानी से उपलब्ध करा रहा है। प्रदेश में पर्व व त्योहारों, ‘अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस’, ‘आजादी का अमृत महोत्सव तिरंगा मार्च’ तथा पर्यावरण एवं जल संरक्षण जैसे राष्ट्रीय और सामाजिक सरोकारों के अभियानों में होमगार्ड्स विभाग द्वारा अत्यन्त महत्वपूर्ण योगदान दिया जाता रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2020 में वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान अन्य राज्यों में फंसे हुए प्रदेश के कामगारों और श्रमिकों को सकुशल वापस लाने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग के प्रत्येक वाहन में एक-दो होमगार्ड्स के जवानों को तैनात किया गया था। उन जवानों ने अपनी जान की परवाह किये बिना प्रदेश के लोगों को बचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य किया था। उन्होंने कहा कि जब वह यहां पहली बार होमगार्ड्स स्थापना दिवस के कार्यक्रम में आए थे, तब उन्होंने कहा था कि होमगार्ड्स का जो जवान किन्हीं कारणों से सेवाकाल के दौरान बलिदान हो जाता है, उसके परिवार के आश्रित को 05 लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध करायी जाएगी। इसके अन्तर्गत अब तक प्रदेश सरकार द्वारा 2,871 दिवंगत होमगार्ड्स जवानों के आश्रितों को 143 करोड़ 55 लाख रुपये की अनुग्रह राशि का भुगतान किया जा चुका है। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि होमगार्ड्स जवानों की बेहतरी के लिए प्रदेश सरकार ने उनके दैनिक और प्रशिक्षण भत्तों में समय-समय पर वृद्धि करने के साथ ही अन्तरजनपदीय भत्ते को बढ़ाकर 04 गुना कर दिया है। सरकार ने होमगार्ड्स  स्वयंसेवकों के अच्छे टर्न आउट को देखते हुए सर्वप्रथम 03 हजार रुपये प्रति तीन वर्ष में ऑनलाइन भुगतान किए जाने की व्यवस्था की है। होमगार्ड्स विभाग के स्वयं के कार्यालयों और भवनों की व्यवस्था करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज विभाग के 44 कार्यालय अपने भवनों में संचालित हैं। वर्तमान में 09 कार्यालय भवनों तथा मुख्यालय परिसर में कर्मचारियों के आवास के लिए जी$ 11 बहुमंजिला भवन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दुर्घटना में दिवंगत होने वाले होमगार्ड्स के आश्रितों को विभाग एवं विभिन्न बैंकों के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए दुर्घटना बीमा के रूप में अब 35 से 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 02 लाख 19 हजार पुलिस कार्मिकों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण की है। वर्तमान में राज्य सरकार ने 41 हजार 424 होमगार्ड्स के रिक्त पदों एनरोलमेण्ट प्रक्रिया प्रारम्भ की है। जो अभ्यर्थी जिस जनपद का निवासी है, उसे उसी जनपद में नियुक्ति प्रदान करने हेतु प्राथमिकता देने पर विचार किया जा रहा है। फर्स्ट रिस्पोंड पर्सन के रूप में आपदा प्रबन्धन की ट्रेनिंग से युक्त होमगार्ड्स का जवान घटना स्थल पर जाकर लोगों को राहत देने में अपना योगदान देगा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड द्वारा इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज होमगार्ड्स के जवानों के लिए प्रदेश सरकार ने व्यवस्था की है कि प्रत्येक थाने में होमगार्ड्स के जवानों के लिए भी एक रूम आरक्षित होना चाहिए। जिसमें वह रह सकें तथा अपनी यूनिफॉर्म व आवश्यक कागजात सुरक्षित रख सकें। होमगार्ड्स विभाग होमगार्ड्स के जवानों को आयुष्मान भारत की तर्ज पर कैशलेस स्वास्थ्य की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक प्रस्ताव बनाकर भेजे। प्रदेश सरकार इस कार्य को आगे बढ़ाएगी। 

होमगार्ड्स व नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।

इस अवसर पर जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव होमगार्ड्स श्री राजेश कुमार सिंह, कमाण्डेन्ट जनरल होमगार्ड्स श्री एम0के0 बशाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

-------

Related Articles

Comments

Back to Top