*एक तरफा संवाद*
परिवेश Dec 05, 2025 at 08:00 PM , 84एक तरफा संवाद भी अजीब विधा है जीवन में कई पल ऐसे आते हैं जो आपको आपकी आत्मशक्ति से जोड़ते हैं।शायद सभी के जीवन में कभी ना कभी ऐसा समयजरूरत आया होगा जब आप खुद से किसी और के बारे में बहुत सी बातें करते हैं।
एक तरफा संवाद वो साहित्यिक या नाटकीय रूप है जिसमें सिर्फ़ एक ही पात्र बोलता है, और दूसरा पक्ष (श्रोता) मौन रहता है या मौजूद ही नहीं होता।
यहाँ कोई जवाब नहीं मिलता, कोई बहस नहीं होती, सिर्फ़ एक व्यक्ति अपने मन की बात, दर्द, यादें, गुस्सा, प्यार या अफ़सोस अकेले में उड़ेलता है।
यह संवादिक भावनाएं सिर्फ व्यक्ति से नहीं प्रकृति के हर उस रूप से हो सकता है जिससे आप एकाग्र होते हैं। कभी आपको बगीचे में अकेले बैठे हुए, पेड़ों की पत्तियों का हिलना,चलने वाली मंद हवा, खूबसूरत फूल, चिड़ियों का चहचहाना पात्र दे सकता है तो कभी छोटे जानवर भी।नदी ,झील या जल स्रोत के किनारे बैठकर बहने वाली जल तरंगें भी आपका साथी बन सकते हैं, तो कभी समुद्र को दूसरा किनारा देने वाला अनंतआकाश।
एकतरफा संवाद मन की खामोशी के साथ अभिवृत्त एक अजीब सम्मोहन की विधा है जिसमें आप अपने विचारों, ख्यालों और दूसरे के प्रति अपने मन में चल रही भावनाओं के अनुसार बातें, तस्वीर और रूपरेखा बनाते हैं। कई बार ऐसा होता है कि कभी कोई साथी आपके जीवन में आता है और किसी भी कारणवश यदि वह दूर हो जाता है तो उस पात्र से आप इस एक तरफा संवाद में अक्सर अपनी समस्याओं का समाधान खोजते हैं।
इस एक तरफा संवाद को खामोशी से साहित्य में भी जगह मिली हैमलेट का मशहूर एक्ट: "टू बी और नोट टू बी"(कोई जवाब नहीं दे रहा, वह खुद से सवाल कर रहा है)। शेक्सपियर यहाँ पूरे मानव-जाति की बात कर रहा है
यह सिर्फ़ हैमलेट का एकालाप नहीं, बल्कि हर उस इंसान का एकालाप है जो कभी रात में अकेला बैठकर सोचता है या कभी भी मन शांत होने परसोचता है:thus conscience does make cowards of us all.”
(इस तरह विवेक हमें सबको कायर बना देता है।)
यानी हम मरने से इसलिए डरते हैं क्योंकि हम नहीं जानते कि उसके बाद क्या है।
और यही अज्ञात हमें जीने पर मजबूर रखता है – चाहे कितना भी दुख हो। यदि जीवन में निराशा के पलों में कुछ अपने जीवन के सुखद पलों से एक तरफा संवाद हो जाए तो व्यक्ति आत्महत्या करने के पहले कई बार सोचता है और अपने नकारात्मक विचारों को त्याग देता है। बस जरूरी है कि इस विचार यात्रा में अच्छे विचारों का साथ हो यदि नकारात्मक विचार हावी होते हैं तो दो पल में ही सब कुछ खत्म होने का भी संदेश मिलता है।
हिन्दी साहित्य में – जयशंकर प्रसाद की कामायनी में मनु का लंबा एकालाप, या प्रेमचंद की कहानियों में पात्रों का अंदरूनी एक तरफा संवाद इतिहास में बहुत प्रसिद्ध हुए हैं।
एक तरफा संवाद वो दर्दनाक या ख़ूबसूरत बातचीत है जो सिर्फ़ एक तरफ़ से होती है… और उसकी खामोशी ही उसे सबसे ज़्यादा आवाज़ देती है।
आप भी याद करके बताइए आपने कब और किस पात्र से किया एक तरफा संवाद? आज हमारा और आपका संवाद भी यही है।
आज की युवा पीढ़ी को यदि हम सकारात्मक सोच, आत्म मंथन करने ,एक तरफा संवाद करने, चिंतन– मनन करने के लिए प्रेरित करेंगे तो निश्चित रूप से जीवन यात्रा के कठिन समय में उन्हें सकारात्मक मार्ग, एकाग्रता मिलने में मदद मिलेगी। और यह सच भी है यदि निराश हताश और परेशान व्यक्ति जब अपने जीवन को खत्म करने के विषय में सोचता है तो वह नकारात्मक विचारों से भरा होता है इस पल यदि कोई ऐसा साथियों उसे मिले जो उसे नकारात्मकता के सागर में अमृत की बूंद की तरह सकारात्मक विचार डालें तो निश्चित रूप से वह जीवन बचाया जा सकता है। इसीलिए संवाद जरूरी है अपनों से, कभी कबार अनजान चलते हुए दूसरों से और कभी खुद से। जब आप खुद के जीवन को आंख बंद करके एक तरफा संवाद के माध्यम से देखेंगे तो अपनी कमियां, अपनी खुशियां अपने द्वारा किए गए कार्य का बहुत ही बेहतरीन विश्लेषण कर पाएंगे ।कभी कोई आपको छोड़कर गया होगा तो उसकी जगह जाकर सोचने से पता चलेगा,उसने ऐसा क्या सोचा होगा कि आपको छोड़ कर गया बस यह विश्लेषण पूर्वाग्रह से ग्रसित ना हो।कभी कोई दुर्घटना में आपसे छूट गया होगा तो भी आपको बेहतर साथ मिलेगा और आत्म शांति भी। एक मेरे फेसबुक में जुड़े हुए काफी वर्ष पुराने मित्र हैं नीलेश जी उनकी पत्नी का हृदय आघात से कुछ महीने पहले देहांत हो गया अक्सर उनकी पोस्ट में अपनी पत्नी के साथ एक तरफा संवाद देखने को मिलता है और ऐसा लगता है कि नील उनके जीवन से कभी नहीं गई।
..."नील क्या फिर कभी वह सुबह होगी जब तुम मुझे पहले की तरह चाय बना कर जगाओगी."निश्चित रूप से उन्हें उत्तर कभी नहीं मिलेगा पर इस प्रकार वह अपने कभी न मिलने वाले आत्मीय से हमेशा जुड़े रहेंगे। एक तरफा संवाद हमेशा दर्द में ही नहीं, कभी– कभी एक तरफा प्रेम में भी जागृत होते हैं। और आपको बिना किसी शिकवे के सामने वाले को एहसास बयां करने की सुखद अनुभूति देते हैं। और यदि किसी से नहीं तो ईश्वर से किया हुआ एक एक तरफा संवाद आपको हमेशा अपनी समस्याओं से अपनी खुशियों से और अपनों से जोड़ने के लिए काफी होता है। क्योंकि ईश्वर प्रकृति हमेशा खामोश रहकर ही बोलती है।
आप भी याद करके बताइए, अपने सुखद एक तरफा संवाद के बारे में जब बहुत भीड़ में भी आपने खुद से बातें की हो और किसी की बातें याद करके मुस्कुराए हो।
@रीना त्रिपाठी































Comments