अन्तर्राज्यीय गिरोह के छह तस्कर 4.131 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार
अन्य खबरे Oct 26, 2025 at 02:15 PM , 174बरेली।
एसटीएफ बरेली को अन्तर्राज्यीय स्तर पर मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 4.131 किलो अवैध अफीम बरामद की है, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में तेजराम, अंकित सिंह, शेर सिंह (सभी बरेली निवासी), वन्दन यादव (चतरा, झारखण्ड), मण्टू कुमार (हजारीबाग, झारखण्ड) तथा राजकुमार उर्फ देवाश वर्मा (बरेली) शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से दो कारें, छह मोबाइल फोन और ₹4,340 नकद भी बरामद किए हैं।
एसटीएफ की यह कार्रवाई एएसपी अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अमित कुमार व उनकी टीम द्वारा की गई। गिरफ्तारी कैण्ट से बरेली जंक्शन जाने वाले मार्ग पर विजय द्वार के निकट रात लगभग 8:57 बजे की गई।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह झारखण्ड से अफीम लाकर बरेली समेत दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में सप्लाई करता था। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कैण्ट में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



























Comments