ग्रेटर नोएडा बेरहमी से युवक को पीटने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार, पुलिस ने जेल भेजा

अन्य खबरे , 300

नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्यवाही की है। बेरहमी से युवक को पीटने वाले भाजपा नेता को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। भाजपा नेता का युवक के साथ मारपीट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले में सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तारी की है। इससे पहले भी भाजपा नेता के खिलाफ कई मुकदमे दर्द मिले हैं। पिछले दिनों अपने गांव में पड़ोसियों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगा था।

सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी शाहदरा गांव का निवासी नवीन भाटी भारतीय जनता पार्टी के ग्रेटर नोएडा मंडल में मंत्री है। दो दिन पहले नवीन भाटी ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर आ गया था। इसके बाद नवीन भाटी खुद को पीड़ित बताते हुए अस्पताल में भर्ती हो गया था। अस्पताल से उसने फेसबुक लाइव भी किया था। जिसमें वह भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेताओं से मदद करने की अपील कर रहा है। इतना ही नहीं भाजपा के शीर्ष नेता के बारे में कह रहा है कि उसके चुनाव में लाखों रुपए खर्च किए हैं। वीडियो में कह रहा है, "मेरे पिता की मौत के बावजूद मैं लखनऊ तक प्रचार करने गया था।"

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बताया गया है कि नवीन भाटी पुत्र बलराज भाटी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। उसके खिलाफ 3 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से एक मुकदमा वर्ष 2014 में दर्ज हुआ था। उस पर रात को चोरी करने का आरोप लगा था। पिछले साल नवीन भाटी के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ था। घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट करने, बलवा और हत्या करने की धमकी देने के आरोप में यह मामला दर्ज हुआ था। अब उसके खिलाफ कातिलाना हमला करने, मारपीट और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

*जिले के कई बड़े नेताओं का सिर पर हाथ है*

नवीन भाटी खुद को भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेताओं का करीबी बताता है। उसके फेसबुक अकाउंट पर तमाम नेताओं के साथ फोटो मौजूद हैं। पिछले दिनों नवीन भाटी ने अपने पड़ोसियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। जिसके बाद पुलिस ने उसके गांव की कई महिलाओं और पुरुषों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। यह परिवार नवीन भाटी पर रसूख का गैर वाजिब इस्तेमाल करके करोड़ों रुपए की जमीन कब्जाने का आरोप लगा रहा है। इतना ही नहीं जिला भाजपा के कई नेताओं के साथ नवीन भाटी के प्रगाढ़ संबंध बताए जाते हैं।

Related Articles

Comments

Back to Top