नई ट्रेन सेवा का अनुमोदन प्रदान किया गया।

अन्य खबरे , 174

गोरखपुर, 22 नवम्बर, 2023: रेल मंत्रालय द्वारा मऊ से मुम्बई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) नई ट्रेन सेवा का अनुमोदन प्रदान किया गया है। मऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ के मध्य साप्ताहिक नई गाड़ी का शुभारम्भ 22 नवम्बर, 2023 को मऊ-प्रयागराज जं. उद्घाटन ट्रेन सेवा को माननीय रेल, संचार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार श्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। 

इस अवसर पर वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से समारोह को सम्बोधित करते हुए रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने छठ पूजा की शुभकामनायें दी। मऊ क्षेत्र के निवासियों को मऊ-मुम्बई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) उद्घाटन ट्रेन सेवा के शुभारम्भ की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी रेलवे को देश के विकास की एक बड़ी कड़ी मानते हैं। रेलवे को ट्रान्सफार्म किया जा रहा है और उत्तर प्रदेश में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। रेलवे के इन्फ्रास्ट्रक्टचर को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिये रेलवे में निवेश पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिसके फलस्वरूप नई सुविधायें उपलब्ध कराने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाये जा रहे हैं। 

रेल मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश हर दृष्टि से महत्वपूर्ण एक विशाल राज्य है, जिसको देखते हुये वर्ष 2023-24 में उत्तर प्रदेश में रेलवे के इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार एवं विकास हेतु बजट में 17,507 करोड़ का आवंटन किया गया, जो वर्ष 2009-14 के औसत बजट आवंटन रू 1109 करोड़ से लगभग 16 गुना अधिक है। इस समय उत्तर प्रदेश में 98 हजार करोड़ की रेल परियोजनायें चल रही हैं। उत्तर प्रदेश में आगामी 50 वर्षों की आवागमन सम्बन्धी आवश्यकताओं को देखते हुये 156 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है, जिसमें मऊ जं. स्टेशन भी सम्मिलित है। इन स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 508 स्टेशनों के पुनर्विकास का शिलान्यास किया था। मऊ जं. स्टेशन के पुनिर्विकास की डिजाइन तैयार की जा चुकी है। आप यदि इस डिजाइन में सुधार हेतु सुझाव देना चाहते है तो आपका स्वागत है। श्री वैष्णव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने ’’एक स्टेशन एक उत्पाद’’ योजना जारी की है, जिसके माध्यम से स्टेशनों पर स्टॉल उपलब्ध कराकर बुनकरों, शिल्पकारों आदि को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही उनके उत्पाद को विश्वस्तर पर पहचान दिलाई जा रही है।

मऊ में आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए माननीय मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अरविन्द कुमार शर्मा ने मऊ-मुम्बई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) नई ट्रेन के संचलन के लिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारे पत्र पर इस ट्रेन के संचलन को मंजूरी दी गयी है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का मत है कि रेलवे भारत की अर्थ व्यवस्था का वाहक है और इस समय रेलवे को एक नई ऊॅचाई दी जा रही है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह नई ट्रेन है। इस समय रेलवे में संरक्षा का रिकार्ड काफी अच्छा है। आज रेल मंत्रालय द्वारा पूर्वान्चल के लोगों के लिये नई ट्रेन का जो उपहार दिया गया, उससे लोगों की एक बड़ी मांग पूरी हुई है। पहले यहां के लोगों को मुम्बई जाने में काफी समस्यायें आती थी और अब सीधी ट्रेन की सुविधा उपलब्ध हो गयी है। मऊ का वस्त्र उद्योग देश में काफी विख्यात है। यहां की बनी साड़ियों का 50 प्रतिशत उत्पाद मुम्बई में जाता है। यह ट्रेन बुनकरों एवं किसानों की दृष्टि से भी काफी उपयोगी है। वस्त्र के साथ ही कृषि उत्पादों को यहां से मुम्बई भेजने में यह ट्रेन काफी लाभकारी होगी।  

महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, मंत्री उत्तर प्रदेश श्री अरविन्द कुमार शर्मा, श्रम एवं सेवा योजना मंत्री, उत्तर प्रदेश श्री अनिल राजभर सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर श्रम एवं सेवा योजना मंत्री, उत्तर प्रदेश श्री अनिल राजभर, सदस्य विधान परिषद श्री यशवन्त सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी। मंडल रेल प्रबन्धक, वाराणसी श्री विनीत कुमार श्रीवास्तव ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, मंत्री उत्तर प्रदेश श्री अरविन्द कुमार शर्मा सहित सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह का संचालन मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री पंकज कुमार सिंह ने किया। 

     (पंकज कुमार सिंह)

मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी

सम्पादक/ब्यूरो प्रमुख, गोरखपुर। 

फोटो परिचयः- फोटो संख्या 01- वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मऊ-मुम्बई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) उद्घाटन ट्रेन सेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुये माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव, साथ में मऊ स्टेशन से हरी झण्डी दिखाते हुये माननीय मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अरविन्द कुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि गण तथा महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी।

फोटो संख्या 02- मऊ स्टेशन पर आयोजित समारोह में मंच से मऊ-मुम्बई (लोकमान्य तिलक टर्मिनस) उद्घाटन ट्रेन सेवा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते हुये माननीय मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अरविन्द कुमार शर्मा, जनप्रतिनिधि गण तथा महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर एवं अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी।   

फोटो संख्या 03- मऊ स्टेशन पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुये माननीय मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत, उत्तर प्रदेश सरकार श्री अरविन्द कुमार शर्मा।

फोटो संख्या 04- मऊ जं.-लोकमान्य तिलक टर्मिनस उद्घाटन विशेष गाड़ी।

 

जनसम्पर्क विभाग, पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर

प्रेस विज्ञप्ति संख्या-02

गोरखपुर, 22 नवम्बर, 2023: रेलवे सुरक्षा बल, पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रेल सम्पत्ति की सुरक्षा एवं अवैध सामानों की धर-पकड़, आरक्षित टिकटों के अवैध कारोबार की रोकथाम सहित यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करने का निरन्तर प्रयास किया जाता है। 

इसी क्रम में 21 नवम्बर, 2023 को गाड़ी संख्या 20503 के रेलवे सुरक्षा बल स्कोर्ट पार्टी को सुरेमनपुर-बलिया के मध्य गाड़ी से 01 ट्राली बैग लावारिस हालत में मिला, जिसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वाराणसी सिटी को सुपुर्द किया गया। 

21 नवम्बर,2023 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मऊ स्टाफ को गश्त के दौरान मऊ स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-1 पर यात्री का छूटा एक ट्राली बैग लावारिस हालत में मिला, जिसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मऊ पर जमा किया गया । यात्री के उपस्थित होने पर बैग को उसे सुपुर्द किया गया । 21 नवम्बर,2023 को मण्डल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, लखनऊ की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल चौकी ऐशबाग स्टाफ द्वारा गाड़ी संख्या-15069 से ऐशबाग स्टेशन पर यात्री का छूटा एक बैग प्राप्त कर रेलवे सुरक्षा बल चौकी, ऐशबाग पर जमा किया गया, यात्री के उपस्थित होने पर उसे सुपुर्द किया गया । 21 नवम्बर,2023 को मण्डल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, लखनऊ की सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल चौकी ऐशबाग स्टाफ द्वारा गाड़ी संख्या-05177 से ऐशबाग स्टेशन पर यात्री का छूटा एक झोला प्राप्त कर रेलवे सुरक्षा बल चौकी, ऐशबाग पर जमा किया गया, यात्री के उपस्थित होने पर उसे सुपुर्द किया गया । 21 नवम्बर,2023 को रेलवे सुरक्षा बल चौकी नौतनवा स्टाफ को चेकिंग के दौरान गाड़ी संख्या-05469 से एक बैग लावारिस हालत में मिला, जिसे रेलवे सुरक्षा बल चौकी नौतनवा पर जमा किया गया, यात्री के उपस्थित होने पर उसे सुपुर्द किया गया । 21 नवम्बर,2023 को उप निरीक्षक/अपराध आसूचना शाखा रेलवे सुरक्षा बल,वाराणसी स्टाफ द्वारा चेकिंग व निगरानी के दौरान गाड़ी संख्या-20942 से 84 अदद् ब्लू नीर कम्पनी का अमानक पानी की बोतल लावारिस हालत में मिली, जिसे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट औड़िहार को सुपुर्द किया गया।

Related Articles

Comments

Back to Top