एलडीए ने मड़ियांव व काकोरी में चार अवैध निर्माणों को सील किया
हेडलाइंस Sep 12, 2023 at 08:59 PM , 275लखनऊ।
- लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 एवं प्रवर्तन जोन-4 की टीम ने की कार्यवाही
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डाॅ0 इन्द्रमणि त्रिपाठी द्वारा शहर में अवैध निर्माण/प्लाटिंग के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किये जाने के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को काकोरी व मड़ियांव क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से किये जा रहे चार व्यवसायिक निर्माणों को सील किया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि रजनी गुप्ता द्वारा काकोरी में मोहान रोड पर भरोसा-मौदा मोड़ के आगे लगभग 150 वर्गमीटर क्षेत्रफल में भूतल व प्रथम तल पर गोदाम व दुकानों का निर्माण कराया जा रहा था। इसी तरह राजू द्वारा मोहान रोड, बुद्धेश्वर में सम्राट स्टेट एंड डेवलपर्स के सामने लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में व्यवसायिक उपयोग हेतु भूतल, प्रथम तल व द्वितीय तल का निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा वीरेन्द्र सिंह द्वारा आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुद्धेश्वर ब्रिज के पहले उत्तम स्टील एंड हार्डवेयर के बगल में लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर भूतल, प्रथम तल तथा द्वितीय तल का निर्माण कराया गया था।
प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराये बिना किये जा रहे इन अवैध निर्माणों के विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। जिसके अनुपालन में आज सहायक अभियंता वाई0पी0 सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता भरत पाण्डेय, भानु प्रताप वर्मा व प्रमोद पाण्डेय द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से तीनों अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि एम0के0 सिद्दीकी द्वारा मड़ियांव के मुतक्कीपुर में अल्लू नगर डिगुरिया रोड पर लगभग 285 वर्गमीटर क्षेत्रफल में लोअर ग्राउंड व अपर ग्राउंड फ्लोर पर 16 दुकानों का निर्माण कराया गया था। जिसके विरूद्ध विहित न्यायालय द्वारा वाद योजित करते हुए सीलिंग के आदेश पारित किये गये थे। उक्त आदेश के अनुपालन में आज सहायक अभियंता अनिल कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव व राकेश कुमार द्वारा प्राधिकरण पुलिस व स्थानीय थाने के पुलिस बल के सहयोग से प्रश्नगत स्थल को सील कर दिया गया।





























Comments