खनन पट्टा रद्द करने की मांग को लेकर सिख संगठनों का धरना आठवें दिन भी जारी
लखीमपुर खीरी Jan 09, 2026 at 06:47 PM , 92सिंगाही खीरी। थाना क्षेत्र के मांझा गांव में जौरहा नाले पर आवंटित खनन पट्टे को रद्द कराने की मांग को लेकर सिख संगठनों का धरना-प्रदर्शन आठवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि खनन पट्टा निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि खनन ठेकेदारों ने रेत निकालने के लिए लंबा रास्ता तय करने से बचने के उद्देश्य से नाले के भीतर होम पाइप डालकर एक अस्थायी पुल का निर्माण कर लिया है, जिससे किसानों और स्थानीय लोगों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसी को लेकर किसान और सिख संगठन लगातार विरोध जता रहे हैं।
मांझा गांव के पूर्व प्रधान एवं किसान नेता परमजीत सिंह पम्मी ने बताया कि 19 जनवरी को कौड़ियाला घाट पर आयोजित होने वाली महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी धरने को समर्थन देंगे और बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
धरने में आज गांव की महिलाएं भी छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक खनन पट्टा रद्द नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। धरना स्थल पर लंगर की व्यवस्था भी की गई है।
इस दौरान हरमीत सिंह, सोनी औलख, सोनी बाजवा, गुरजंट सिंह, केवल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।































Comments