हैदराबाद थाना क्षेत्र में अपराध बेलगाम एक सप्ताह में पांच लूट की घटनाओं से दहशत

लखीमपुर खीरी , 155

गोला गोकर्णनाथ खीरी।
हैदराबाद थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आपराधिक वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीते एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में पांच लूट व हमले की घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। इन घटनाओं के बाद 112 पुलिस की तैनाती और थाना पुलिस की गश्त पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
नकाबपोश और हथियारबंद बदमाशों ने सबसे पहले थाना क्षेत्र के ग्राम बुधली नानकर निवासी एक युवक की पिटाई कर उससे लूट की  थी। इसके अगले दिन मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम दूलीपुर निवासी युवक पर हमला कर लूट का प्रयास किया गया, हालांकि वह किसी तरह बच निकला।
इसके बाद 3 जनवरी को रोशन नगर स्थित देशी शराब ठेके के सेल्समैन मनीष ठेका बंद कर बाइक से गोला जा रहे थे। मनीष के अनुसार जब वह सिद्ध विनायक स्कूल के आगे पहुंचे तो हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर उन पर हमला किया और मारपीट कर उनके पास मौजूद 8000 रुपये लूट लिए।
सोमवार की रात करीब 8:15 बजे रोशन नगर के दवा व्यापारी आशीष अग्निहोत्री पर भी बदमाशों ने हमला कर 10 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। इतना ही नहीं, सोमवार को ही गोला से गांव जा रहे प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. अविनाश वर्मा पर भी हमला कर लूट की कोशिश की गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। गंभीर बात यह है कि ममरी–रोशन नगर मार्ग पर बीते कई दिनों से 112 पुलिस प्वाइंट पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आ रहा है, जिससे आम लोगों में पुलिस की सक्रियता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, 112 प्वाइंट को सक्रिय करने और घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

Related Articles

Comments

Back to Top