ताबड़तोड़ घटनाओं के बाद भी हैदराबाद पुलिस गंभीर नहीं ममरी रोशन नगर रोड पर बढ़ी दहशत,
लखीमपुर खीरी Jan 07, 2026 at 05:45 PM , 123गोला गोकर्णनाथ खीरी।ममरी-रोशन नगर रोड पर ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाओं से आमजन में भय का माहौल है, लेकिन हालात काबू में करने के लिए हैदराबाद थाना पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आ रही। न तो क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त हो रही है और न ही डायल-112 पुलिस अपने निर्धारित प्वाइंट पर तैनात दिखाई देती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रामानंद के निर्देश पर परेली नहर पुलिया के पास पुलिस पिकेट (कक्ष) का निर्माण कराया गया था। यह पिकेट तत्कालीन ग्राम प्रधान अनूप चंद वर्मा द्वारा बनवाया गया था। पिकेट के सक्रिय रहने के दौरान ममरी-रोशन नगर रोड पर अपराधों में काफी कमी आई थी और लोगों ने राहत महसूस की थी।
लोगों का कहना है कि हैदराबाद थाना क्षेत्र में तैनाती के दौरान तत्कालीन एसओ दीपक तिवारी द्वारा उक्त पुलिस पिकेट को गिरवा दिया गया, जिसके बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए। पिकेट हटते ही इस मार्ग पर आपराधिक गतिविधियों में लगातार इजाफा हो रहा है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि ताबड़तोड़ घटनाओं के बावजूद हैदराबाद पुलिस की कार्यप्रणाली गंभीर नहीं दिख रही। शिकायतों के बाद भी न तो प्रभावी कार्रवाई हो रही है और न ही रात्रि गश्त बढ़ाई गई है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि डायल-112 पुलिस की मौजूदगी केवल कागजों तक सीमित रह गई है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने मांग की है कि ममरी-रोशन नगर रोड पर पुलिस पिकेट को पुनः स्थापित किया जाए, नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए और डायल-112 की जवाबदेही तय की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके।































Comments