आशा वर्कर्स यूनियन की टीम ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मितौली तहसील में प्रदर्शन

लखीमपुर खीरी , 119

लखीमपुर के मितौली में उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन की टीम ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मितौली तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने मितौली के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन भी सौंपा।

इसी दौरान,एक कार्यक्रम में तहसील पहुँचे कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू से भी आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याओं को साझा किया। विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से फोन पर बात कर आशाओं की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया।

इसके बाद,आशा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम मितौली मधुसूदन गुप्ता को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा, जिसमें उनकी लंबित मांगों का उल्लेख किया गया था।

ज्ञापन के माध्यम से आशा एवं आशा संगिनियों ने वर्ष 2025 के कई महीनों के लंबित आधार भुगतान, राज्य वित्त प्रतिपूर्ति राशि और विभिन्न अभियानों की प्रोत्साहन धनराशि के तत्काल भुगतान की मांग की।

यूनियन ने आरोप लगाया कि आशा और आशा संगिनियां वर्षों से राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं जैसे टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण और आयुष्मान भारत सहित अन्य अभियानों में महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद उनका पारिश्रमिक समय पर नहीं दिया जा रहा है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि गोल्डन आयुष्मान योजना और अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों में किए गए कार्यों के बदले देय राशि का भुगतान भी लंबे समय से लंबित है। बार-बार मांग उठाने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सभी बकाया भुगतान नहीं किए गए तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन की होगी। आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, यह हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगी।

आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मानदेय के स्थान पर नियमित वेतन व्यवस्था लागू करना शामिल है। जब तक न्यूनतम वेतन लागू नहीं होता, तब तक आशा कार्यकर्ताओं को 21,000 रुपये और आशा संगिनियों को 28,000 रुपये मासिक मानदेय देने की मांग की गई है। इसके अतिरिक्त, 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा और 50 लाख रुपये का जीवन बीमा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
यूनियन ने आयुष्मान भारत सहित अन्य योजनाओं में किए गए कार्यों का समुचित भुगतान, कार्य के अनुरूप पारिश्रमिक, यात्रा भत्ता और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
इस प्रदर्शन के दौरान यूनियन की ब्लॉक अध्यक्ष राखी सिंह, सचिव राजेंद्र प्रसाद, प्रभा अवस्थी, शारदा देवी, पिंकी बाजपेयी, नीरू देवी, सुनीता सिंह, मीना मिश्रा, सुशील देवी, सोमवती और रश्मि सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

Related Articles

Comments

Back to Top