योगी सरकार में गौवंश की हालत बदतर नगर पंचायत खीरी की लापरवाही से बछड़े की मौत
लखीमपुर खीरी Dec 24, 2025 at 06:24 PM , 129खीरी टाउन खीरी-प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जहां गोवंश की सुरक्षा को अपनी सरकार का पहला संकल्प बता रहे हैं, वहीं नगर पंचायत खीरी में इसकी तस्वीर बिल्कुल उलट नजर आ रही है। नगर पंचायत की लापरवाही के चलते एक बछड़े की मौत हो गई, जिससे प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के लवकुश सिंह के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक गौवंश प्रेमी नगर पंचायत खीरी कार्यालय पहुंचे और मृत बछड़े का शव कार्यालय परिसर में रखकर नगर पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की।
गौवंश प्रेमियों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा एक अस्थायी गौशाला का निर्माण केवल कागजों में दर्शाया गया है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आज तक वह गौशाला चालू नहीं हो सकी। कागजों में गौशाला और सड़कों पर भटकता गोवंश नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।
इस दौरान गौवंश प्रेमियों ने अधिशासी अधिकारी विनीत कुमार पर सीधे आरोप लगाए और कहा कि “कितना पैसा और कहां तक ले जाओगे, ऊपर जाकर क्या मुंह दिखाओगे?” उनका कहना था कि नगर पंचायत कमीशन की अंधी दौड़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोवंश सुरक्षा संबंधी आदेशों को भुला चुकी है।
गौवंश प्रेमियों ने यह भी आरोप लगाया कि अधिशासी अधिकारी समाजवादी पार्टी के चेयरपर्सन व उनके प्रतिनिधि के मार्गदर्शन पर कार्य कर रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेशों को दरकिनार किया जा रहा है।विकास कार्यों की बात करें तो कस्बा खीरी में नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कार्यों में दूर से ही कमीशन की बू महसूस होती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गोवंश की सुरक्षा में लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य जिला प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारियों को आखिर क्यों नजर नहीं आ रहे हैं।






_page-0001.jpg)
























Comments