राजपूत रेजिमेंट में 33वीं द्विवर्षीय कॉन्फ्रेंस संपन्न, ‘कर्नल ऑफ द रेजिमेंट’ का गरिमामयी हस्तांतरण

लखनऊ , 57

लखनऊ।

राजपूत रेजिमेंटल सेंटर में 05 से 07 दिसंबर 2025 तक 33वीं द्विवर्षीय कॉन्फ्रेंस सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण सैन्य आयोजन में लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, जीओसी-इन-सी पश्चिमी कमान एवं कर्नल ऑफ द राजपूत रेजिमेंट, वरिष्ठ सेवारत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, सभी बटालियनों के कमांडिंग ऑफिसर्स तथा सूबेदार मेजर शामिल हुए। तीन दिवसीय सम्मेलन में रेजिमेंट से जुड़े महत्वपूर्ण सामरिक और प्रशासनिक विषयों पर गहन चर्चा की गई।

07 दिसंबर को एक भव्य सैन्य समारोह में सभी वरिष्ठ सैन्य अधिकारी करियप्पा वार मेमोरियल पहुंचे, जहां उन्होंने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यह क्षण पूरी तरह भावनात्मक और गौरवपूर्ण रहा।

श्रद्धांजलि के उपरांत आयोजित विशेष सैनिक सम्मेलन में लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार द्वारा लेफ्टिनेंट जनरल हरजीत सिंह साही, कमांडेंट—आर्मी वॉर कॉलेज, महू को ‘बैटन’ सौंपकर ‘कर्नल ऑफ द राजपूत रेजिमेंट’ के पद का औपचारिक हस्तांतरण किया गया। नव-नियुक्त 19वें कर्नल ऑफ द रेजिमेंट ने पूर्व 18वें कर्नल ऑफ द रेजिमेंट को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान स्वरूप स्क्रॉल भेंट किया।

अपने संबोधन में पूर्व एवं नव-नियुक्त कर्नल ऑफ द रेजिमेंट ने सैनिकों के साहस, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजपूत रेजिमेंट की शौर्य-परंपरा और सैनिकों की कर्तव्यनिष्ठा ही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे रेजिमेंट का प्रत्येक सैनिक नई ऊँचाइयों तक ले जाने में सक्षम है।

Related Articles

Comments

Back to Top