128दिन बाद पहुंची ट्रेन का बजा हार्न,लोगों ने चालक व गार्ड का माल्यार्पण कर मिष्ठान्न, खिलाया
लखीमपुर खीरी Nov 04, 2025 at 05:25 PM , 300विश्वकांत त्रिपाठी वरिष्ठ पत्रकार
पलिया कलां लखीमपुर खीरी। पहले दिन बिके 77टिकट,4 माह से बंद ट्रेन मंगलवार 8:30 बजे जब पलिया स्टेशन पर पहंची तो लोगों ने ट्रेन के चालक व गार्ड आदि का माल्यार्पण कर मिष्ठान्न खिलाया। मैलानी से नानपारा जाने वाली दोनों ट्रेनों के पलिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने कुल 77 टिकट खरीदे।
ज्ञात हो कि करीब चार माह पूर्व रेलवे ट्रैक के नीचे से शारदा नदी का पानी निकलने से रेल लाइन कटने का खतरा उत्पन्न हो गया था जिसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने मैलानी से नानपारा जाने -आने वाली सभी ट्रेनें स्थगित कर दी थीं। इससे इस रूट के यात्रियों को काफी दिक्कतें आ रही थीं। लोगों को अधिक धन व समय खर्च कर आगे की यात्रा करनी पड़ रही थी। जिसको देखते हुए पलिया नगर के करीब एक दर्जन से अधिक सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा ज्ञापन आदि दिए गए थे। इसके बावजूद रेलवे ट्रैक ठीक कर ट्रेन न चलाने पर रेल चलाओ पलिया बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक कमलेश राय के नेतृत्व में पलिया रेलवे स्टेशन पर 13 दिन तक लगातार क्रमिक धरना- प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों ने रेलवे के उच्च अधिकारियों को रजिस्टर्ड पत्र भेज रेल चलाये जाने की मांग की । जिससे रेल प्रशासन ने विवश होकर चार नवंबर से मैलानी- पलिया- बेलरायां नानपारा रूट पर रेल चलाये जाने का निर्णय लिया और इसी के तहत आज पहली ट्रेन मैलानी से चलकर प्रातः करीब 8:30 बजे पलिया रेलवे स्टेशन पर पहुंची तथा दूसरी ट्रेन 9:50 पर पलिया आई। ट्रेनों के पहुंचने पर समाजसेवी आशीष पटेल, रईस अहमद,राहुल गुप्ता, रामचंद्र शुक्ल, विश्वकांत त्रिपाठी, सौरभ शाक्य ,विकास वर्मा आदि ने ट्रेनों के चालकों व गार्डों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
उधर रेलवे स्टेशन पर कुल 77 टिकट बिके जबकि इससे कहीं अधिक यात्रियों ने दुधवा, बेलरायां , तिकुनियां, बिछिया, नानपारा आदि की यात्रा की। यात्री निरंकार बरनवाल,कुमकुम बरनवाल, महेश प्रसाद, राहुल गुप्ता आदि ने बताया कि उनका कम खर्च करने के बाद समय भी बचेगा।






_page-0001.jpg)
























Comments