लखीमपुर दशहरा मेला में प्रदेश स्तरीय कवियों ने जगाई सांस्कृतिक चेतना की चिंगारी

लखीमपुर खीरी , 84

लखीमपुर खीरी। प्राचीन ऐतिहासिक दशहरा मेला के नवम दिवस की सांस्कृतिक संध्या एक अविस्मरणीय प्रादेशिक कवि सम्मेलन के रूप में इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई, जब प्रदेश के ख्याति प्राप्त कवियों ने अपने ओज, हास्य, श्रंगार और राष्ट्रभाव से जनमानस को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की गरिमामयी अध्यक्षता पालिका अध्यक्षा डॉ. इरा श्रीवास्तव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक योगेश वर्मा एवं श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी ने अपनी उपस्थिति से कवियों और आयोजकों का उत्साह दोगुना किया। मंच संचालन का दायित्व समाजसेवी साहित्यकार राममोहन गुप्त ने अपने सधे शब्दों और प्रभावी वाणी से निभाया, वहीं आभार ज्ञापन अधिशाषी अधिकारी संजय कुमार ने किया। दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ हुए सम्मेलन में विधायक योगेश वर्मा ने कहा “मेले की व्यवस्था, स्वच्छता और अनुशासन ने लखीमपुर की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊँचाई दी है। पूर्व में जो व्यवधान थे, वे अब संस्कृति के विकास के मार्ग से हट चुके हैं।” वहीं विधायक मंजू त्यागी ने भावुक स्वर में कहा  “इस मेले में आकर बचपन के वे दिन लौट आते हैं, जब संस्कृति और आनंद का संगम हर हृदय में बसता था।” पालिका अध्यक्षा डॉ. इरा श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संचालन कर रहे श्री गुप्त की प्रभावशाली वाणी की भी सराहना की। इसके उपरांत शिक्षक कवि संतोष सिंह के संचालन में चले कवि सम्मेलन ने मेला परिसर को देर रात तक गूंजायमान रखा। कवि कुलदीप समर एवं विशेष शर्मा के संयोजन में मंच पर आए कवियों अज्ञानी, अभिषेक, नाचीज़, अशोक अग्निपथी, उत्कर्ष उत्तम, अविरल शुक्ला, डॉ. नीता सहित अनेक रचनाकारों ने अपने शब्दों के जादू से दर्शकों की तालियाँ लूट लीं। किसी ने देशभक्ति की ज्वाला जगाई, तो किसी ने प्रेम के सुर में करुणा का रंग घोला; किसी ने समाज पर तीखे व्यंग्य किए, तो किसी ने मातृभूमि के लिए मन में गर्व भर दिया। कार्यक्रम में साहित्य के साथ सेवा-संवेदना का सम्मान भी हुआ। चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. वी.बी. धुरिया, डॉ. अंजनी मिश्रा, शिक्षा जगत से मोहिनी श्रीवास्तव, ऋतु अवस्थी, स्वाति सिंह, पत्रकारिता क्षेत्र से दैनिक जनजागरण न्यूज के अनिल श्रीवास्तव, समाजसेवा से राजेश दीक्षित, योगी सचदेवा, अमित शुक्ला, अभिषेक तिवारी तथा खेल जगत से अर्पण देवल और अरुणेश देवल को विशेष सम्मान से अलंकृत किया गया। इस अवसर पर मेलाधिकारी समरा सईद, मेलाध्यक्ष कौशल तिवारी, विशिष्ट अतिथि राजू अग्रवाल, पूजा सिंह, रश्मि गुप्ता, विश्वनाथ सिंह विशिष्ट रूप से मौजूद रहे। मृगांक शेखर उपाध्याय, इंजी. दुर्गेश वर्मा, श्वेता शर्मा, सर्वेश वर्मा, दीपक रस्तोगी, बजरंग शर्मा, राकेश कश्यप, कुमुदेश्वर शंकर शुक्ला सहित सभासदों की सक्रिय भागीदारी रही।

Related Articles

Comments

Back to Top