एस पी तिवारी पत्रकार समाज कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष

लखीमपुर खीरी , 287

लखीमपुर खीरी। पत्रकारों के साथ आए दिन हो रही घटनाओं को लेकर पत्रकार समाज कल्याण समिति के संस्थापक अध्यक्ष सूरजभान बघेल, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र कुमार मिश्रा, व प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह के द्वारा दैनिक समाचार पत्रों के जिला संवाददाता एसपी तिवारी को लखीमपुर खीरी जनपद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। तिवारी जी के द्वारा पत्रकारिता के दौरान जनता के हक की लड़ाई लड़ने को लेकर काफी अपनी निजी पहचान बनी हुई है। आज जनपद खीरी से एसपी तिवारी जी को पत्रकारों के अध्यक्ष चुने जाने पर पत्रकारों में काफी खुशी का माहौल है। श्री तिवारी  ने बताया यदि हमारे पत्रकार साथियों को किसी प्रकार की समस्या होती है तो हम किसी भी हद तक अपने पत्रकार साथियों का मनोबल गिरने नहीं देंगे शासन व प्रशासन तक पत्रकारों की हक की लड़ाई लड़ते रहेंगेस संस्थापक अध्यक्ष सूरजभान बघेल जी ने बताया पत्रकार समाज कल्याण समिति संगठन का मुख्य उद्देश्य है पत्रकार कानून सुरक्षा बिल पास कराना संगठन के माध्यम से हम सभी लोग संगठित होकर कार्य करेंगे तथा अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक ज्ञापन देंगेस आए दिन हो रहे पत्रकारों पर अत्याचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा पत्रकार समाज कल्याण समिति पत्रकारों की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी।


यातायात माह का आगाज
यातायात जागरूकता रथों को डीएम-एसपी ने झंडी दिखाकर किया रवाना, वाहनों पर चिपकाए यातायात जागरूकता स्टीकर
लखीमपुर खीरी। सोमवार को खीरी जिले में यातायात माह का आगाज हुआ। कलेक्ट्रेट परिसर में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी विजय ढुल ने संयुक्त रूप से जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्य रूप से अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी-सदर अरविंद वर्मा,एआरटीओ (प्रशासन) आलोक कुमार सिंह, एआरटीओ (प्रवर्तन) रमेश कुमार चैबे, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह, यात्री कर अधिकारी श्रीराम कश्यप व उपनिरीक्षक (यातायात) सूर्यमणि यादव की मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट में डीएम-एसपी ने दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों पर यातायात जागरूकता से स्टीकर चिपकाकर आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश पर सोमवार से यातायात माह से प्रारंभ होकर 17 फरवरी तक चलेगा। जिसमें परिवहन, रोडवेज, पुलिस, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा व लोक निर्माण विभाग द्वारा यातायात जागरूकता से संबंधित विविध कार्यक्रमों का सिलसिलेवार आयोजन करेंगे। यह यातायात जागरूकता रथ पूरे माह जिलेभर के गांव गली मोहल्ले में जाकर आमजन को यातायात नियमों के प्रति ना सिर्फ जागरूक करेंगे बल्कि उन्हें यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प भी दिलाएंगे। इन जागरूकता रथों के जिले भर में संचालन हेतु परिवहन विभाग ने पूरे माह का रोस्टर भी जारी किया है।

पांच दिवसीय प्रशिक्षण चालू
निघासन-खीरी। लखीमपुर में जिला प्रशिक्षण केन्द्र पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा है। जिसमे सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र निघासन के अंतर्गत आने वाले उपकेन्द्र बल्लीपुर,बम्हनपुर,बनवीरपुर से आयी। 32 आशाओं का बैच बनाकर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।ट्रेनर सुरेश कुमार वर्मा,प्रियंका शुक्ला,पूनम मिश्रा,व सुमन सिंह के द्वारा गैर संचारी रोग जैसे उक्तरक्तचाप,मधुमेह,स्तन कैंसर,मुँह का कैंसर,बच्चेदानी का कैसर आदि की रोकथाम व कैसे नियंत्रण किया जायेगा।सभी आशायें प्रशिक्षित होकर अपने-अपने क्षेत्र में जाकर लोगों से संपर्क कर जांच करें।बीमारी की रोकथाम कैसे करनी है।इस प्रशिक्षण में आशा मोनिका दीक्षित,रीता श्रीवास्तव,कविता, रानी मिश्रा, किरन सिंह आशाये मौजूद रही

एलपीएस ने शुरू की सीजन 1 करियर टॉक
लखीमपुर-खीरी। डायरेक्टर हर्षित सिंह के दिशा निर्देशन में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एण्ड कॉलेजेज ने सीजन-1 करियर टॉक सीरीज की शुरुआत की है। जिसके अंतर्गत आज के वेबिनार में “विश्व के चर्चित विश्वविद्यालयों में प्रवेश विषय पर” हार्वर्ड लॉ स्कूल की पूर्व असिस्टेंट डायरेक्टर हीथर वेलिक से कक्षा 9 से 12 के करीब 300 छात्रध्छात्राओं ने सवांद स्थापित किया। हर्षित सिंह के इस प्रयास से बच्चों को करियर चुनने में निश्चित रूप से सहायता मिलेगी। आज के सेशन में यह चर्चा हुई कि भविष्य में करियर के विकल्प क्या- क्या और कहाँ-कहाँ हैं, देश-विदेश के कौन-कौन से विश्वविधालय हैं, जहां आपको अपनी रूचि का करियर चुनने का मौका मिलेगा। एलपीएस इस करियर टॉक सीरीज को आगामी 6 माह तक जारी रखेगा।
---------------
स्कूल ऑफ द वीक कार्यक्रम प्रारम्भ
सोशल मीडिया से बीएसए बढ़ा रहे जिले के शिक्षकों का मनोबल
लखीमपुर-खीरी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुद्ध प्रिय सिंह नें जिले के विद्यालयों में कायाकल्प में किये गए बेहतर प्रयासों की सराहना हेतु एक अच्छी मुहिम शुरू की है। जिला खीरी का बेसिक शिक्षा विभाग, लखीमपुर खीरी के नाम से एक पेज बनाया है जिसके तहत एक योजना बनाई उसका नाम है जिले का स्कूल ऑफ द वीक हर सप्ताह एक विद्यालय का चुनाव किया जाता है और उसको स्कूल ऑफ द वीक के नाम से पेज पर अपलोड किया जाता है। इस पेज अहम हिस्सा है इसका बैनर जिसकी टैगलाइन बीएसए बुद्धप्रिय सिंह की है। हमारे विद्यालय हमारा गर्व है, हमारे शिक्षक हमारे हीरो जिससे अध्यापक खासे खुश हैं। पिछले सप्ताह लांच किए गए इस पेज से अभी तक 500 से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं संविलियन विद्यालय, मियांपुर कॉलोनी, विकास क्षेत्र-मोहम्मदी के विद्यालय को पिछले सप्ताह काफी पसंद किया गया। लगभग डेढ़ लाख लोगों नें खीरी के इस विद्यालय को देखा और विद्यालय के शिक्षकों के प्रयासों और बीएसए खीरी के कुशल मार्गदर्शन की सराहना की है। इसी कड़ी में प्राथमिक विद्यालय रतसिया, ब्लॉक-बेहजम इस सप्ताह का स्कूल ऑफ द वीक चुना गया है। जिसकी काफी सराहना हो रही है। अभिभावकों और शिक्षकों से काफी सराहना मिल रही है कि खीरी के परिषदीय विद्यालय बहुत बेहतर हो गए हैं। बताते चलें विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के तहत कायाकल्प में 14 बिंदुओं पर अच्छा कार्य किया गया है। विद्यालयों में टॉयलीकरण, विद्युत संयोजन, जलापूर्ति, टॉयलेट इत्यादि सुविधाओं पर बेहतर कार्य हुआ है। शिक्षकों में उत्सुकता है कि उनका विद्यालय भी इस पेज पर अपलोड किया जाएगा इसी प्रेरणा से विद्यालयों में और बेहतर कार्य करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
-----------------------

नवयुवकों ने वाहनों पर रेडियम पट्टी लगवायी
ओयल-खीरी। सर्द मौसम और घने कोहरे के बीच संभावित दुर्घटनाओं पर विराम लगाने हेतु नगर के कुछ नवयुवकों द्वारा सड़कों पर दौड़ने वाले कृषि वाहनों पर निःशुल्क रेडियम पट्टियां लगवाई गई। नगर के नवयुवक सुमित सिंह, संदीप गुप्ता, नितेश कुमार वर्मा, रोहित सिंह, कुन्दन सिंह ने कस्बे की डायल 112 पुलिस की मदद से बिना रेडियम पट्टी के सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन पर दौड़ायी जा रही ट्रैक्टर ट्रालियों को बेहजम तिराहे के निकट रोंकर रिफ्लेक्टर (रेडियम पट्टी) अपने हाथों से लगाये। इस दौरान पुलिस के डायल 112 प्रभारी संतोष तिवारी, सिपाही रामबिलास, चालक रामनरेश शुक्ला ने वाहनों को रोंक कर रेफ्लेक्टर लगवाने में नगर के नवयिुवकों का भरपूर सहयोग किया, जो कि नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा व लोगों द्वारा इस सराहनीय कार्य की भूरि-भूरि प्रसंसा की जा रही है।
----------------------
किसान का बेटा बना डॉक्टर
तिकुनिया-खीरी। कस्बा निवासी गोपीराम के पुत्र संतोष कुमार गुप्ता ने कड़ी मेहनत कर नीट की परीक्षा पास कर बीएचएमएस में स्थान पाया है। चयन होने पर परिजनों, गुरुजनों और कस्बे के लोगो ने खुशी जाहिर की है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से हाईस्कूल और इंटर पास कर उच्च शिक्षा के लिए लखनऊ गए छात्र संतोष कुमार पुत्र गोपीराम ने नीट की परीक्षा पास कर बीएचएमएस में चयन पाया है। कस्बा निवासी किसान गोपीराम ने बताया कि उनके बेटे ने हाईस्कूल तथा इंटर की परीक्षा महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज से उत्तीर्ण की इसके बाद बीते 11 सालों से लखनऊ में रहकर तैयारी कर रहा था। उसका बीएचएमएस में चयन हो गया है। हम लोगों का सपना था कि मेरा बेटा डॉक्टर बन कर देश व समाज की सेवा करे। इंटर कालेज के प्रबंधक आशीष अग्रवाल व प्रधानाचार्य लोकेंद्र शाह ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
--------------------------

सनातन संस्कृति का आधार है दानः-कृष्ण अवतार भाटी
पलियाकलां-खीरी। दान भारतीय सनातन समाज की पुरातन विशेषता रही है विद्यार्थी, वानप्रस्थी, सन्यासी इत्यादि को जीवनयापन हेतु संसाधन उपलब्ध कराना, मंदिर एवं तीर्थों में धर्मशाला तथा अन्य समाजोपयोगी स्थानों का निर्माण कराना सहयोग करना, समाज के श्रीमन्तों का शास्वत स्वभाव रहा है, यह सामाजिक कर्तव्य माना गया है। इसी प्राचीन परंपरा के अनुसार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र भगवान श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण हेतु समस्त समाज से सात्विक दान का आग्रह एवं सहयोग का आवाहन करता है। भगवान श्री रामचंद्र जी महाराज जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मंदिर के निर्माण हेतु महासागर पर सेतुबंध के समय गिलहरी की भांति इस पुनीत यज्ञ में यथाशक्ति योगदान कर पुण्य के भागी बने, यह कथन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संपर्क प्रमुख कृष्ण अवतार सिंह भाटी के द्वारा नगर के प्रमुख व गणमान्य लोगों के पास भगवान श्री रामचंद्र जी महाराज के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ मंदिर के निर्माण हेतु सहयोग के लिए संपर्क करते समय अपने उद्बोधन में कहा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता अमित महाजन व उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सीमा गुप्ता व उनकी माता श्रीमती रामकुमारी गुप्ता द्वारा इक्यावन सौ रुपये का दान दिया गया।  उल्लेखनीय है कि निधि समर्पण अभियान के अंतर्गत राम मंदिर निर्माण हेतु सलिल अग्रवाल 21000, प्रगति गुप्ता 11000, सरदार प्रेम सिंह 51000, डॉ ए के सक्सेना 25000, चांद कुमार जैन 11000, अनूप गुप्ता 5100,  कृष्ण कुमार मालपानी 5100 रु0 निधि प्रभु चरणों मे समर्पित की जा चुकी है।
-------------------------
पूनम पंड़ित पहुंची गुरुद्वारा
मोहम्मदी-खीरी। भारी पुलिस प्रशासन की नजरों से बचते किसान आंदोलन को हवा देने किसान नेत्री व अंतर्राष्ट्रीय शूटर पूनम पंडित गुरुद्वारा लखहा पहुंच गई। किसान आंदोलन के पक्ष में भाषण देने लगी। इसके चलते प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए। एसडीएम ने उन्हें एक कमरे में नजरबंद कर दिया। थोड़ी देर बाद उसे शाहजहांपुर बार्डर छुड़वा दिया।
    शनिवार सुबह से ही हरियाणा की शूटर पूनम पंडित किसान आंदोलन के पक्ष में रैली करने की सूचना प्रशासन को मिली थी। प्रशासन ने चप्पे-चप्पे पर पुलिस लगा रखी थी। इसके बावजूद करीब साढ़े पांच बजे शाम को मोहम्मदी कोतवाली के रेहरिया चैकी के अंतर्गत लखहा गुरुद्वारा में पीछे गेट से अचानक पूनम पंडित प्रवेश कर गई। जीप की बोनट पर खड़े होकर भाषण देने लगीं। उसने नये कृषि कानूनों को काले कानून बताकर इसे रद्द कराने के लिए किसानों को प्रेरित किया और 26 जनवरी को ज्यादा से ज्यादा किसान दिल्ली पहुंचने का आह्न किया। पूनम पंड़ित के लखहा गुरुद्वारा पहुंचते ही प्रशासन सक्ते में आ गया। एसडीएम स्वाति शुक्ला ने उनको कवर करते हुए एक कमरे में नजरबंद कर दिया। इसके पूर्व वह करीब दस मिनट बोल चुकी थी। मौके पर सैकड़ों सिख फार्मर और महिलाएं बच्चे मौजूद रहे। बीच-बीच में किसानों ने जय जवान, जय किसान के नारे लगाए। पूनम पंडित का कहना है कि प्रशासन हमें परेशान कर रहा है इसलिए हम वेश बदल यहां आ गए। बहरहाल लखहा गुरुद्वारा में सुबह से लंगर आदि चल रहा था। प्रशासन बेखबर रहा और किसान नेत्री वहां पहुंच गई। बाद में एसडीएम की सूझबूझ से उसे एक कमरे में नजरबंद कर दिया गया और भारी पुलिस सुरक्षा में उसे शाहजहांपुर बार्डर तक भेज दिया गया।
------------------------
भ्रामक प्रचार के द्वारा वोट मांगने पर उम्मीदवार ने किया विरोध
मितौली-खीरी। कस्ता ग्राम पंचायत के कस्ता कॉलोनी में 5 वर्ष बीत जाने के बाद वर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजमेर अली द्वारा कोई भी विकास कार्य नहीं कराया गया। ग्राम पंचायतों के खाते विकासखंड द्वारा संचालित किए जाने पर कस्ता कॉलोनी में सीताराम रैदास के मकान के बीच रास्ते में सहायक विकास अधिकारी एवं ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा खड़ंजा लगाए जाने का कार्य कराया जा रहा है। जिसमें निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजमेर अली द्वारा ग्रामीणों से विकास कार्य कराए जाने के नाम पर वोट मांगे जाने पर होमेश्वर पांडेय ग्राम पंचायत कस्ता से उम्मीदवार द्वारा विरोध जाहिर करते हुए प्रशासन से शिकायत की गई। उन्होंने प्रधान का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बाद निवर्तमान प्रधान प्रतिनिधि द्वारा विकास कार्य कराए जाने के नाम पर जनता से वोट मांगा जाना पूर्णतया गलत बताया है। विकास कार्य खण्ड विकास अधिकारी के निर्देशन में विकास कर्मचारियों द्वारा कराए जाने की बात कही। निवर्तमान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा भ्रामक प्रचार करते हुए जनता से वोट मांगे जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
------------------------
मिल अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने की शिकायत
धौरहरा/खमरिया-खीरी। तहसील धौरहरा क्षेत्र के कस्बा खमरिया निवासी करीब एक दर्जन ग्रामीणों द्वारा उपजिला अधिकारी धौरहरा को शिकायती पत्र देकर कस्बा स्थित गोविंद शुगर मिल प्रशासन पर आम रास्ते पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर केनयार्ड की बाउंड्रीवाल बनाने का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवाने व रास्ता खुलवाने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कस्बा खमरिया स्थित गोविंद शुगर मिल द्वारा बनाई जा रही केनयार्ड बाउंड्रीवाल में कस्बा खमरिया के प्रेम नगर से चिकवनपुरवा तक जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण कर बाउंड्री वाल बनाने का आरोप लगाते हुए कस्बा निवासी बाबू, सुंदर, जयराम पुत्रगण भवानी सहित करीब एक दर्जन ग्रामीणों ने उपजिला अधिकारी एस सुधाकरन को शिकायती पत्र शौंपा कर तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने व रास्ते से अतिक्रमण हटवाये जाने की मांग की है। मामले की शिकायत के बाद खमरिया पुलिस चैकी प्रभारी ओमप्रकाश सरोज अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और निर्माण कार्य रोकवा दिया।
-------------------------
एबीवीपी का खमरिया में हुआ गठन
धौरहरा/खमरिया-खीरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लखीमपुर खीरी जिले की तहसील धौरहरा के अन्तर्गत खमरिया पंडित की नगर इकाई  का गठन किया गया। जिसमें खमरिया नगर इकाई के अंतर्गत हर्षित मिश्रा को नगर मंत्री अमर अवस्थी को नगर सह मंत्री का दायित्व प्रदान किया गया तथा हरप्रीत कौर को नगर छात्रा प्रमुख व ऋतु राज को नगर सह छात्रा प्रमुख का दायित्व दिया गया। नगर इकाई की घोषणा जिला संयोजक संकल्प शुक्ला  के द्वारा की गई। जिसमें मुख्य रुप से जिला संगठन मंत्री लखीमपुर खीरी अजय प्रताप शुक्ला व जिला संयोजक संकल्प शुक्ला तथा धौराहरा तहसील संयोजक आकाश अवस्थी के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
--------------------------
70 हजार कीमत के मोबाइल सहित दो गिरफ्तार
धौरहरा/खमरिया-खीरी। पुलिस अधीक्षक खीरी विजय ढुल के निर्देशन में चलाए जा रहे वांछित गिरफ्तारी अभियान के तहत ईसानगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। रविवार को रिपोर्टिंग पुलिस चैकी खमरिया प्रभारी द्वारा अपनी टीम में आरक्षी नीरज व नवीन कुमार के साथ मुखबिर की सूचना पर दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर करीब सत्तर हजार रुपये कीमत के मोबाइल बरामद किए। जानकारी के अनुसार चैकी पुलिस द्वारा रविवार को दो संदिग्धों को गिरफ्तार करने की बता कही। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से करीब सत्तर हजार रुपये कीमत के छः अदद मोबाइल बरामद हुए। चैकी प्रभारी ओम प्रकाश सरोज ने बताया कि दोनों से शख्ती से पूछताछ में अपना नाम छोटे लाल उर्फ छोटे पुत्र ज्ञानीपाल निवासी इसवारा मजरा बेहटा तथा कौशल पुत्र विद्या प्रसाद निवासी कोठारपुरवा मजरा समर्दा हरी थांना ईसानगर जिला खीरी बताया तथा सभी मोबाइल घरों से चोरी किये हुए बताए। ईसानगर पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों को वांछित धाराओ में जेल भेजा जा रहा है।
------------------------

ताला तोड़कर चोरों ने माल किया साफ
पलियाकलां खीरी। पलिया सम्पूर्णानगर मार्ग पर उपजिलाधिकारी के आवास के ठीक सामने गोल्डन कम्प्लेक्स की दुकान हिन्द इंटरप्राइजेज में बीती रात चोरों ने दुकान के सटर का ताला तोड़कर रखी नगदी के साथ एग्रीकल्चर व कम्प्यूटर सहित लगभग साढ़े 17 लाख के माल पर हांथ साफ किया। पीड़ित दुकानदार मनजिंदर सिंह देओल,देवेन्द्र सिंह द्वारा पुलिस को तहरीर दे दी गयी है। जबकि इससे पूर्व् भी चोरों द्वारा साथ में मौजूद आरओ की दुकान से लाखों के सामान सहित चोरी कर ले गए थे जिसका पुलिस द्वारा वर्षो बीत जाने के बावजूद खुलासा नही कर सकी थी। अब हालात यह हो गई कि नगर के लोगों में डर का माहौल बनाने लगा है।

इंडो नेपाल बॉर्डर पर आपसी ताल-मेल से रुकेगा अपराध-डिप्टी कमांडेंट
पलियाकलां-खीरी। 49वीं वाहिनी के डिप्टी कमांडेंट ने भारत नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की सीमा चैकियों का दौरा किया। सीमा से संबंधित गतिविधियों के बारे जानकारी ली। सीमावर्ती ग्रामीणों से बैठकर बात की तथा एसएसबी के साथ आपसी सामंजस्य और सौहार्द बनाकर सहयोग की अपील की। 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पीलीभीत कंपनी के डिप्टी कमांडेंट अमनदीप सिंह ने कंबोज नगर, कमला पुरी और शारदा पूरी आदि सीमा चैकियों का दौरा किया और सीमा क्षेत्र के गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली। कंबोज नगर कंपनी मुख्यालय के निकटवर्ती गांव के ग्रामीणों से बैठक कर वार्तालाप किया। बॉर्डर पर अवैधानिक गतिविधियों को रोकने, गन्ना किसानो की समस्या के संबंध में, बार्डर पर आपसी सामंजस्य एवं सौहार्द स्थापित करने तथा ग्रामीणों को एसएसबी के जवानों का सहयोगपूर्ण व्यवहार करने की अपील की। डिप्टी कमांडेंट अमनदीप सिंह ने बॉर्डर पिलर संख्या 35 के निकट नेपाली एपीएफ व नेपाली मीडिया सहित नेपाल के ग्रामीणों के साथ बैठकर बातचीत की। बातचीत में कमांडेंट ने कहा कि दोनों देशों के लोगों से आपस में किसी प्रकार का भेदभाव न रखने, एक साथ मिलकर दोनों देशों के बीच अवैध गतिविधियों को रोकने के संबंध में विचार विमर्श किया तथा किसानों और मजदूरों को अपने-अपने खेतों मे सुचारु रुप से आने जाने की बात कही।
डग्गामार बस यूनियन के दबाव के चलते लोगों को नहीं मिल रही सरकारी बसों की सुविधा
लखीमपुर-खीरी। भारत नेपाल की तराई में बसे पलिया गौरीफंटा,बसही,सम्पूर्णानगर,और खजुरिया से देश की राजधानी दिल्ली तथा मण्डल बरेली लखनऊ गोरखपुर जैसे अन्य राज्यों को जाने वाली आधा दर्जन रोडवेज बसें रीजनल मैनेजर की खाऊ कमाऊ नीति के चलते विगत 8 महीने से बंद है। बसें बंद होने से बॉर्डर इलाके सहित नेपाली व भारतीय यात्रियों को अधिक पैसा खर्च कर प्राइवेट युनियन की बसों का सहारा लेकर ही राजधानी और अन्य राज्यों तक सफर करना पड़ रहा है। हरदोई डिपो क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेपाल बॉर्डर गौरीफंटा, बसही, खजुरिया, चंदन चैकी, तथा सम्पूर्णानगर से लखीमपुर, गोला, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर तथा कैसरबाग डिपो की बसें जो करोना काल से पहले राजधानी तक की सेवाएं देती थी, इधर करोना काल के बाद जब से बस सेवा शुरू की गई हैं तभी से कानपुर, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर वाया पलिया की बसों को हरदोई डिपो के रीजनल मैनेजर ने डग्गामार बस यूनियन के दबाव के चलते बंद करा रखी है, जबकि प्राइवेट डग्गामार बस यूनियन की 200 से अधिक बसें विभिन्न क्षेत्रों में चलाई जा रही हैं लेकिन रीजनल मैनेजर कि खाऊ कमाऊ नीति के चलते पूरी तरह से बंद है। जिससे बॉर्डर एरिया से लखनऊ समेत कानपुर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों को वाजिब किराए से दुगुना पैसा खर्च कर धक्का-मुक्की का सफर कराया जा रहा है। रीजनल मैनेजर का बहाना कहते है कि हमारी बसों में यात्री नहीं बैठते जबकि पलिया एरिया से प्रतिदिन हजारों यात्री कानपुर, बरेली, लखनऊ, सीतापुर,दिल्ली सहित देश व प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बसों के द्वारा सफर करते हैं इस क्षेत्र मे ट्रेनें पूरी तरह बंद है, ऐसे में यात्रियों को अधिक पैसा व समय खर्च कर प्राइवेट यूनियन के खटारा बसों में सफर करना पड़ रहा है जिससे समय के साथ धन की बर्बादी हो रही है गौरतलब है कि पलिया से लखीमपुर तक रोडवेज बस 1 घंटा 10 मिनट में यात्रा पूरी कराती है इसी के साथ प्राइवेट यूनियन की बसें ढाई घंटा समय लेने के बाद भी ₹90 किराया लेती हैं जबकि रोडवेज मात्र ₹80 में 75 किलोमीटर का सफर पूरा कर आती है।

Related Articles

Comments

Back to Top