धरना दे रहे संविदा स्वास्थ्य कर्मियों को बलपूर्वक हटाने का प्रयास,संगठन ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

लखीमपुर खीरी , 1

लखीमपुर खीरी:संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश ने लखीमपुर खीरी में शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को बलपूर्वक हटाने की कोशिशों पर कड़ा ऐतराज जताया है। संगठन के प्रदेश महामंत्री योगेश कुमार उपाध्याय द्वारा 11 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखीमपुर खीरी को एक विरोध व चेतावनी पत्र भेजा गया है।कर्मचारी संघ संगठन ने आरोप लगाया है कि अपने न्यायसंगत अधिकारों की मांग को लेकर धरना दे रहे स्वास्थ्य कर्मियों को अनुचित दबाव बनाकर धरना स्थल खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है। पत्र में कहा गया है कि प्रशासन का यह कृत्य पूरी तरह से असंवैधानिक और भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है।कर्मचारी संघ ने प्रशासन को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने या कर्मचारियों को प्रताड़ित करने का दोबारा प्रयास किया गया, तो पूरे उत्तर प्रदेश के संविदा और आउटसोर्स कर्मचारी लखीमपुर खीरी कूच करने के लिए मजबूर होंगे। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और विभाग की होगी।संगठन के अध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता, संयोजिका सुनैना अरोड़ा और महामंत्री योगेश उपाध्याय ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से अनुरोध किया है कि कर्मचारियों के संवैधानिक अधिकारों का सम्मान करते हुए उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और मामले का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाए। इस पत्र की प्रतिलिपि मिशन निदेशक लखनऊ जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी और भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Related Articles

Comments

Back to Top