*गांव की गलियों से नेशनल चैंपियन तक पहुंचे कुमार विशेष*
लखीमपुर खीरी Oct 08, 2026 at 06:35 PM , 0*उत्तर प्रदेश की अंडर-17 टीम ने जीता राष्ट्रीय खिताब, लखीमपुर खीरी के लाल की उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी*
लखीमपुर खीरी। दुधवा बफर जोन के ग्राम अयोध्यापुरवा, पंचायत एवं पोस्ट सिन्हौना, थाना सिंगाही निवासी कुमार विशेष ने अंडर-17 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश की टीम के साथ खेलते हुए उन्होंने नेशनल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और क्षेत्रवासियों में खुशी और गर्व का माहौल है।
कुमार विशेष को बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरा लगाव रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कड़ी मेहनत जारी रखी। कक्षा-8 तक की पढ़ाई के बाद उन्होंने लखनऊ के काल्विन तालुकेदार कॉलेज में प्रवेश लिया, जहां पढ़ाई के साथ उन्हें क्रिकेट प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर मिला।
इसी वर्ष उन्होंने कक्षा-10 की बोर्ड परीक्षा भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। विभिन्न क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन के चलते उन्हें कई बार ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ जैसे सम्मान भी मिले। सीआईएससीई बोर्ड की जोनल प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उन्होंने रीजनल स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। फाइनल मुकाबले में महत्वपूर्ण नाबाद पारी खेलकर उन्होंने चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया, जिसके बाद उन्हें अंडर-17 नेशनल चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिला।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने ग्रुप चरण में मध्य प्रदेश और पूर्व चैंपियन केरल के खिलाफ मुकाबले खेले। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में आंध्र प्रदेश-तेलंगाना की संयुक्त टीम को हराया। सेमीफाइनल में मेजबान महाराष्ट्र को पराजित कर उत्तर प्रदेश ने फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने नॉर्थ जोन की टीम को हराकर अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत का हिस्सा बनकर कुमार विशेष ने अपने गांव और पूरे लखीमपुर खीरी जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
कुमार विशेष की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखते हैं। गांव की गलियों से शुरू हुआ उनका क्रिकेट सफर अब राष्ट्रीय मंच तक पहुंच चुका है।
कुमार विशेष की उपलब्धि ने साबित कर दिया कि प्रतिभा के साथ मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो गांव से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।






_page-0001.jpg)
























Comments