प्राथमिक विद्यालय हजरतपुर में लिंटर तुड़वाकर ईंटें प्रधान को, सरिया कबाड़ी को बेचा खंड शिक्षा अधिकारी बोले - होगी कठोर कार्रवाई
लखीमपुर खीरी Oct 08, 2026 at 06:30 PM , 1(हरिशंकर मिश्र/केके शुक्ला)
लखीमपुर-खीरी। सरकार लाख जतन कर ले, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग में फैला भ्रष्टाचार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला ब्लॉक फूलबेहड़ के प्राथमिक विद्यालय हजरतपुर का है, जहां प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधान की जुगलबंदी ने एक तरह से सरकारी बिल्डिंग को ही बेच दिया गया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी खीरी को शिकायती पत्र देकर बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंशुल सौरभ ने बिना किसी विभागीय परमिशन के एक कमरे का लिंटर तुड़वा दिया।
आरोप है कि छत लिंटर की पुरानी ईंटें ग्राम प्रधान शत्रुघ्न लाल उठा ले गए।
पुरानी सरिया प्रधानाध्यापक अपने घर ले गए और बाद में कबाड़ी के हाथों बेच दी।
ग्रामीणों ने बताया कि इस खेल में जिला समन्वयक निर्माण प्रभारी आलोक मौर्य की भी अहम भूमिका है। आरोप है कि आलोक मौर्य ऐसे ही सरकारी बिल्डिंग तोड़ने और उसके कागज पिछली तारीखों में बनाने में माहिर हैं। उन्हीं से मिलकर प्रधानाध्यापक ने यह कार्य कराया।
ग्रामीणों ने शिकायत में यह भी कहा है कि इस विद्यालय में मास्टर साहब कभी समय से नहीं आते हैं और छात्रों को पढ़ाते भी नहीं हैं। शिक्षा की गुणवत्ता तो छोड़िए, अब तो भवन ही बेचा जा रहा है।
इस संबंध में जब फूलबेहड़ के खंड शिक्षा अधिकारी बृजराज सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद प्रधानाध्यापक पर कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में कोई भी प्रधानाध्यापक इस तरह का कार्य न कर सके।
अब देखना यह है कि जांच सिर्फ कागजों में होती है या भ्रष्टाचार में लिप्त प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान और जिला समन्वयक पर वास्तव में कोई कार्रवाई होती है।






_page-0001.jpg)
























Comments