*पलिया में एआरटीओ का बड़ा अभियान, तीन बसें और ट्राला सीज।*
लखीमपुर खीरी Oct 05, 2026 at 06:35 PM , 1*परिवहन विभाग की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप, सड़कों से गायब रहे डग्गामार वाहन।*
पलियाकलां। परिवहन विभाग ने यातायात नियमों के अनुपालन और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए पलिया कलां क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। अभियान के दौरान एआरटीओ की टीम ने तीन बसों समेत एक ट्रक/भूसी ट्राला को सीज कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से वाहन चालकों और डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान यूपी 85 एफटी 9284 (शेर छाप), यूपी 31 एटी 1517 (न्यू कश्यप ट्रैवल्स), एआर 01 वी 1152 (राधेश्याम ट्रैवल्स) समेत यूपी 21 सिटी 7156 (भूसी ट्राला) को कार्रवाई की जद में लेते हुए सीज किया।
एआरटीओ की कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर वाहन संचालकों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों को सड़क से हटाना शुरू कर दिया। वहीं, नियमित रूप से यात्रियों को ढोने वाले डग्गामार वाहनों की मौजूदगी भी अभियान के दौरान काफी कम दिखाई दी।
कार्रवाई से डग्गामार वाहन संचालकों में मचा हड़कंप
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से कई ऐसे वाहन संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिनके संचालन को लेकर परिवहन नियमों के पालन पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में परिवहन विभाग की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
लोगों ने मांग की है कि अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए पलिया-निघासन, पलिया-संपूर्णानगर और पलिया-दुधवा मार्गों समेत प्रमुख ग्रामीण मार्गों पर भी लगातार चलाया जाए, ताकि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
लगातार अभियान चलाने की उठी मांग
एआरटीओ की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज हो गई कि यदि परिवहन विभाग इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलाता रहा तो बिना मानकों के संचालित होने वाले वाहनों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि ओवरलोडिंग, बिना आवश्यक दस्तावेजों के संचालन, परमिट और फिटनेस नियमों की अनदेखी तथा यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण हो सके।






_page-0001.jpg)
























Comments