सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान में आज सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित, 15 यूनिट रक्त संग्रहित
लखीमपुर खीरी Oct 05, 2026 at 06:33 PM , 1मुख्य अतिथि श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी रहीं मौजूद, अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेयी के नेतृत्व में लगा शिविर
थानाध्यक्ष निराला तिवारी व टीम ने किया 4 यूनिट रक्तदान, रक्तदाताओं को दिया प्रशस्ति पत्र
लखीमपुर-खीरी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरधान में आज दिनांक 05 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीनगर विधायक माननीय श्रीमती मंजू त्यागी जी ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेयी ने की। यह शिविर मुख्य चिकित्सा अधिकारी लखीमपुर-खीरी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान को बढ़ावा देने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस विभाग के जवानों एवं स्थानीय युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रक्तदाताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
इस दौरान थानाध्यक्ष फरधान निराला तिवारी एवं उनकी पुलिस टीम ने विशेष रूप से आगे बढ़कर 4 यूनिट रक्तदान कर मिसाल पेश की। उनकी टीम के इस सराहनीय योगदान की मुख्य अतिथि विधायक मंजू त्यागी व अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेयी ने प्रशंसा की। विधायक ने कहा कि पुलिस विभाग का यह मानवीय चेहरा समाज के लिए प्रेरणा है।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती मंजू त्यागी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सेवा पखवाड़ा के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान सबसे बड़ा दान है, आपके द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है।
वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित बाजपेयी ने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, इससे किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। स्वस्थ एवं योग्य व्यक्तियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनता है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले स्वास्थ्य विभाग की टीम, पुलिस विभाग व अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।






_page-0001.jpg)
























Comments