*पलिया विधानसभा से भाजपा टिकट की दावेदारी, गजेंद्र सिंह ने जिलाध्यक्ष को सौंपा आवेदन.*
लखीमपुर खीरी Oct 02, 2026 at 06:50 PM , 0*25 वर्षों से विद्यार्थी परिषद और भाजपा से जुड़े हैं गजेंद्र सिंह, 2017 और 2022 में भी पेश कर चुके हैं दावेदारी*
पलियाकलां। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पलिया विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में भाजपा नेता गजेंद्र सिंह ने पार्टी से आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता को आवेदन सौंपा है।
गजेंद्र सिंह लंबे समय से संगठन और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय रहने का दावा करते हैं। उनके अनुसार, वह पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से विद्यार्थी परिषद और भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं और लगातार पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
गजेंद्र सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 से वह विशेष रूप से पलिया विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय होकर भाजपा के लिए कार्य कर रहे हैं। इससे पहले भी उन्होंने वर्ष 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी।
भाजपा नेता की ओर से कहा गया है कि सामाजिक कार्यों में सक्रियता और पार्टी संगठन के कार्यक्रमों में लगातार भागीदारी उनकी प्राथमिकताओं में रही है। अब एक बार फिर टिकट के लिए आवेदन सौंपे जाने के बाद पलिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पलिया विधानसभा क्षेत्र संख्या 137 है और वर्तमान में यहां से भाजपा के हरविंदर कुमार साहनी उर्फ रोमी साहनी विधायक हैं।
गजेंद्र सिंह की ओर से टिकट के लिए दावेदारी पेश किए जाने के बाद भाजपा के अंदर आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के साथ ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।






_page-0001.jpg)
























Comments