*विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर डीएम ने की समीक्षा, अफसरों को दिए स्पष्ट निर्देश*

लखीमपुर खीरी , 15

*अटल सभागार में बैठक कर दायित्वों की बिंदुवार समीक्षा, समयबद्ध तैयारी और आपसी समन्वय पर दिया जोर*

लखीमपुर खीरी, 01 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में अटल सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों के अनुरूप समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्मिक व्यवस्था, माइक्रो ऑब्जर्वर, प्रशिक्षण, यातायात, लॉ एंड ऑर्डर, सिक्योरिटी प्लान, कंट्रोल रूम, शिकायत प्रकोष्ठ, मतपत्र मुद्रण एवं वितरण, मीडिया, एमसीसी, निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण और वेलफेयर सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। डीएम ने प्रत्येक व्यवस्था से जुड़े प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक अधिकारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को स्पष्ट रूप से समझते हुए समयबद्ध कार्ययोजना के साथ तैयारी पूरी करें। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

उन्होंने विशेष रूप से निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर जोर दिया। साथ ही कंट्रोल रूम एवं शिकायत प्रकोष्ठ को प्रभावी रखने तथा निर्वाचन संबंधी किसी भी सूचना अथवा शिकायत पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कार्मिक, माइक्रो ऑब्जर्वर एवं प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सीडीओ योगानंद पाण्डेय, यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट तन्वीर अहमद तथा लॉ एंड ऑर्डर एवं सिक्योरिटी प्लान की जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) को सौंपी गई। अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के दायित्व निर्धारित किए गए।

डीएम ने सभी अधिकारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित मानकों के अनुरूप सकुशल संपन्न कराया जा सके।

Related Articles

Comments

Back to Top